भारत में होगी ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की अहम बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 August 2026): भारत 17 और 18 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों की पर्यावरण से जुड़ी अहम बैठकों की मेजबानी करेगा। 17 अगस्त को ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक होगी, जबकि 18 अगस्त को ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की 12वीं बैठक आयोजित की जाएगी। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मंत्री-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 की थीम ‘सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास’ के अनुरूप इन बैठकों में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा होगी।

बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देश पर्यावरण से जुड़ी साझा चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत ने पर्यावरण कार्य समूह के तहत चार प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित किया है। इनमें सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनीकरण एवं जंगल की आग के प्रबंधन के साथ आपदा के प्रति सुदृढ़ता, चक्रीय अर्थव्यवस्था और जलवायु अनुकूलन शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच ज्ञान, तकनीक और सफल अनुभवों को साझा करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत किया जा सके।

वनीकरण और जंगल की आग के प्रबंधन को लेकर भारत की प्राथमिकता में भूमि बहाली, बेहतर डेटा संग्रह, निगरानी और समय पर आग का पता लगाने के साथ त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है। वहीं चक्रीय अर्थव्यवस्था के तहत प्रभावी कचरा प्रबंधन और ‘विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व’ यानी ईपीआर जैसे नीतिगत ढांचे पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, कचरे में कमी और टिकाऊ उत्पादन एवं खपत को बढ़ावा देना है। जलवायु अनुकूलन के क्षेत्र में जन-केंद्रित और समुदाय आधारित उपायों के साथ पारंपरिक ज्ञान एवं स्थानीय अनुभवों को नीतियों से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।

पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत मार्च से जुलाई 2026 के बीच कई वर्चुअल बैठकें, तकनीकी सत्र, वेबिनार और विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श आयोजित किए जा चुके हैं। इन चर्चाओं में संसाधन दक्षता, चक्रीय अर्थव्यवस्था, कार्बन बाजार, भूमि क्षरण, मरुस्थलीकरण और सूखे से निपटने तथा जंगल की आग के एकीकृत प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इन प्रारंभिक चर्चाओं का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सहमति तैयार करना और अगस्त में होने वाली आमने-सामने की बैठकों के लिए आधार तैयार करना है।

18 अगस्त को होने वाली मंत्री-स्तरीय बैठक में विभिन्न चर्चाओं के आधार पर तैयार किए गए परिणामी दस्तावेजों पर विचार किया जाएगा। ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह की स्थापना 2015 में मॉस्को में हुई पहली ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक के दौरान की गई थी, जबकि जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की स्थापना 2024 में हुई। नई दिल्ली में होने वाली बैठक को पर्यावरण सहयोग को आगे बढ़ाने और ब्रिक्स देशों के बीच जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता, संसाधन दक्षता तथा आपदा सुदृढ़ता जैसे मुद्दों पर साझा कार्रवाई को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।