श्री धार्मिक रामलीला कमेटी की बैठक में ऐतिहासिक रामलीला मंचन की तैयारियों पर मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/08/2026): श्री धार्मिक रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बीटा-2 स्थित भृगु आश्रम के पवित्र परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कमेटी के मुख्य संस्थापक एवं परम श्रद्धेय परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज ने की, जबकि संचालन कमेटी के अध्यक्ष आनंद भाटी ने किया। बैठक में आगामी रामलीला मंचन को भव्य, व्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विशेष रूप से आयशर सेक्टर-51, ग्रेटर नोएडा स्थित रामलीला मैदान में 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली रामलीला की तैयारियों पर चर्चा हुई। कमेटी के पदाधिकारियों ने इस वर्ष के आयोजन को विश्वस्तरीय एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से मंचन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, दर्शकों की सुविधाओं और आयोजन को पहले से अधिक प्रभावशाली बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मंत्रणा की।

बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि इस बार रामलीला के मंचन एवं आयोजन में क्या नए प्रयोग किए जा सकते हैं और किस प्रकार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए। मंचन की भव्यता के साथ-साथ आयोजन की गुणवत्ता, अनुशासन तथा दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी सुझाव रखे गए। कमेटी के सदस्यों ने आगामी आयोजन को नई पहचान देने तथा पिछले आयोजनों की तुलना में इसे और अधिक भव्य बनाने के लिए अपने-अपने विचार साझा किए।

पदाधिकारियों ने कहा कि श्री धार्मिक रामलीला कमेटी द्वारा हर वर्ष रामलीला के मंचन को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टि से विशेष बनाने का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि ग्रेटर नोएडा ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए यह रामलीला एक यादगार अनुभव बन सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामलीला आयोजन में किए जाने वाले ऐतिहासिक बदलावों, नई व्यवस्थाओं और मंचन के विशेष प्रारूप की पूरी जानकारी आगामी 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर सार्वजनिक की जाएगी। कमेटी के पदाधिकारी इस दौरान मीडिया बंधुओं के माध्यम से आयोजन की विस्तृत रूपरेखा एवं इस वर्ष किए जा रहे नए प्रयोगों की जानकारी पूरे नगर और समाज तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर गोस्वामी सुशील जी महाराज, शेर सिंह, सुशील नागर, बालकिशन सफीपुर, धीरज शर्मा, आनंद भाटी, ममता तिवारी, अतुल आनंद, उमेश गौतम, महेश शर्मा बदौली, सत्यवीर मुखिया, पीपी शर्मा, फिरे प्रधान, महेश कमांडो, चैन पाल प्रधान, रोशनी सिंह, यशपाल नागर, वीरपाल मावी, भगवत भाटी, तेज कुमार भाटी, पवन भाटी सहित श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।