BJP शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (14 अगस्त 2026): राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनाव के मद्देनजर कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
इसी क्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी के इस फैसले को राजस्थान चुनाव में दिल्ली के नेताओं की सक्रिय भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियों के मुताबिक, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राजस्थान स्थानीय निकाय चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। वहीं महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, सांसद संगीता यादव, रोहन गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी के अनुसार, इन सभी नेताओं की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इन नेताओं की जिम्मेदारी राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने की होगी।
भाजपा की ओर से एक साथ कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने से साफ है कि पार्टी राजस्थान में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है। दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को मिली यह जिम्मेदारी उनके संगठनात्मक और राजनीतिक कद के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।