स्वतंत्रता दिवस समारोह के विशेष अतिथि होंगे पीएम विश्वकर्मा योजना के 100 लाभार्थी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (14 August 2026): 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के लाल किले में होने वाले राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के 100 लाभार्थी विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े इन लाभार्थियों को 15 अगस्त के समारोह के लिए आमंत्रित किया है। लाभार्थी अपने जीवनसाथी या साथी के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे। इनमें पारंपरिक हुनर से जुड़ी महिला शिल्पकार भी शामिल हैं, जिन्हें आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भूमिका के प्रतीक के तौर पर विशेष पहचान दी गई है।
इन विशेष अतिथियों का 14 अगस्त को दिल्ली स्थित भारतीय लोक प्रशासन संस्थान में सम्मान भी किया जाएगा। यहां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लाभार्थियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान पारंपरिक शिल्प, देश की सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों के योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा और स्मृति चिन्ह भी भेंट किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस पहल के जरिए उन कारीगरों और शिल्पकारों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है, जो पीढ़ियों से पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत करना है। योजना के तहत लाभार्थियों को कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, वित्तीय सहायता, डिजिटल सशक्तिकरण और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। सरकार के अनुसार अब तक इस योजना के तहत 30 लाख पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों का पंजीकरण किया जा चुका है। इसका लक्ष्य पारंपरिक शिल्प को मजबूत करने के साथ कारीगरों के लिए टिकाऊ आजीविका के अवसर तैयार करना है।
लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित 100 लाभार्थी योजना के तहत शामिल 18 पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े हैं। इनमें दर्जी, बढ़ई, सुनार, लोहार और ताला बनाने वाले कारीगर समेत कई अन्य पेशों से जुड़े लोग शामिल हैं। इन लाभार्थियों ने योजना के तहत पंजीकरण, बुनियादी कौशल प्रशिक्षण और टूलकिट जैसी सुविधाओं का लाभ उठाया है। सरकार के मुताबिक इन कारीगरों को राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करना देश की पारंपरिक कला, हुनर और सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।