देशभक्ति के रंग में रंगा ग्रेटर नोएडा, ‘देशभक्ति गीत माला’ में गूंजे देशभक्ति के सुर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (13/08/2026): स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विशेष सहयोग से टेन न्यूज़ नेटवर्क एवं बागेश्री संगीत विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘देशभक्ति गीत माला, नृत्य एवं काव्य पाठ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 12 अगस्त 2026 को अल्फा-1 मेट्रो स्टेशन, कमर्शियल बेल्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, कविताओं और नृत्य प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर पहुंचे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव और एसीईओ प्रेरणा सिंह मौजूद रहीं। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे और युवा कलाकार भी शामिल हुए।

तेजपाल नागर ने की कार्यक्रम की सराहना

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनके पास उस दिन कई कार्यक्रम थे, लेकिन इसके बावजूद वह इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने गजानन माली की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों से देश और समाज के लिए आगे आने की अपील की।

सौम्य श्रीवास्तव ने गजानन माली की पहल को सराहा

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने ‘देशभक्ति गीत माला’ कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि गजानन माली लगातार सामाजिक कार्यों से जुड़े रहते हैं और समाज को जोड़ने की दिशा में प्रयास करते हैं।

उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और काव्य पाठ का यह आयोजन बेहद सुंदर रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।

बच्चों और कलाकारों ने बांधा समां

कार्यक्रम का उद्देश्य देशभक्ति गीत, संगीत, काव्य और नृत्य के माध्यम से खासकर युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में कवयित्री डॉ अना देहलवी ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत काव्य पाठ किया। वहीं कवि मुकेश कुमार शर्मा ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को जोड़ा। ‘लपेटे में नेताजी’ फेम कवि गौरव चौहान ने अपने खास अंदाज में प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब गुदगुदाया और तालियां बटोरीं।

इसके अलावा टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक एवं गायक गजानन माली और साथी कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला।

रंजन अभिषेक ने किया मंच का संचालन

कार्यक्रम के दौरान टेन न्यूज़ नेटवर्क के सब-एडिटर रंजन अभिषेक ने अद्भुत अंदाज में मंच का संचालन किया। उन्होंने अपनी प्रभावी एंकरिंग से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा और विभिन्न प्रस्तुतियों के बीच दर्शकों को लगातार जोड़े रखा।

30-35 उभरते कलाकारों ने दी प्रस्तुति

बागेश्री कला, संगीत एवं नृत्य संस्थान के निदेशक प्रभाकर देशमुख एवं सरिता देशमुख के निर्देशन में देशभक्ति गीत माला और नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें ग्रेटर नोएडा के करीब 30-35 उभरते कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए नई दिल्ली के प्रसिद्ध गंधर्व बैंड ने भी संगीतमय प्रस्तुति दी। गीत, संगीत, नृत्य और कविता के संगम ने दर्शकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।

देशभक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान तिरंगे, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ग्रेटर नोएडा में देशभक्ति का माहौल बना दिया। आयोजन में बच्चों और युवाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण रही।

कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. खुशबू सिंह, CEO, Aarya Fashions, श्री रामलीला कमेटी के महासचिव विजेंद्र सिंह आर्या एवं उनकी टीम, धार्मिक रामलीला कमेटी के संरक्षक शेर सिंह भाटी, जानी-मानी गायिका डॉ. बबीता शर्मा, अल्फा-1 RWA के अध्यक्ष विजेंद्र भाटी तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र के चीफ मैनेजर विनेश गौतम सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शिक्षाविदों, उद्यमियों, बुद्धिजीवियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।।

‘देशभक्ति गीत माला’ ने गीत, कविता और नृत्य के माध्यम से एकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया और देशभक्ति के जज्बे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।