जहांगीरपुरी में बड़ी साजिश नाकाम, हथियार के साथ 4 बदमाश गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12 फरवरी 2025): दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में लगे चार बदमाशों को धर दबोचा है। इन बदमाशों के पास से तीन पिस्टल, 23 कारतूस और चार खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये लोग इलाके में गोलीबारी की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते स्पेशल टीम ने इनकी साजिश को नाकाम कर दिया।

दिल्ली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) रविंद्र सिंह यादव कर रहे थे, जबकि डीसीपी (नॉर्थ वेस्ट) भीष्म सिंह की टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में छापेमारी कर चारों आरोपियों पंकज दहिया, तरवेश कादयान, मोहित पंवार और वरुण त्यागी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। पुलिस को इनके पास से तीन पिस्टल और भारी मात्रा में गोलियां मिली हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि ये इलाके में दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इनका किसी बड़े गिरोह या गैंग से कोई संबंध है।

दिल्ली पुलिस फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार इन्हें कहां से मिले और इनका मकसद क्या था। इसके अलावा, इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जहांगीरपुरी में इससे पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, ऐसे में पुलिस इस इलाके में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।