48 घंटे से पानी को तरसे 100 से ज्यादा फ्लैटों के लोग, सड़क पर उतरे सोसायटी निवासी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/08/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन माइवुड्स सोसायटी में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई टावरों में पिछले करीब 48 घंटे से पानी नहीं पहुंचने का आरोप है। इससे 100 से अधिक फ्लैटों के निवासी प्रभावित बताए जा रहे हैं। नाराज लोगों ने पहले मेंटेनेंस ऑफिस पर विरोध जताया और मंगलवार दोपहर सोसायटी के बाहर सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
निवासियों के मुताबिक, पानी की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सोमवार रात बड़ी संख्या में लोग मेंटेनेंस कार्यालय पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद मंगलवार को लोगों ने सोसायटी के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क पर आवाजाही रोक दी।
लोगों का कहना है कि प्रबंधन की ओर से टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जरूरत के मुकाबले टैंकरों की संख्या कम है। ऐसे में सभी प्रभावित घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। निवासीयो का कहना है कि नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण हर साल इस तरह की परेशानी सामने आती है।

पानी की सप्लाई आखिर किस वजह से बाधित हुई है, इसे लेकर भी निवासियों में नाराजगी है। सप्लाई लाइन में तकनीकी खराबी है या पंप से जुड़ी कोई समस्या, इसकी स्पष्ट जानकारी लोगों को नहीं दी गई है। निवासियों ने मांग की है कि खराबी का जल्द पता लगाकर स्थायी व्यवस्था की जाए और तब तक पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर लगाए जाएं।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सोसायटी के लोगों से बातचीत की। पुलिस ने स्थिति को संभालने और प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया। निवासियों का कहना है कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक परेशानी दूर नहीं होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।