AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने पुलिस आयुक्त को लिखी चिट्ठी, “मैं भागा नहीं हूं…”
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (12 फरवरी 2025): आम आदमी पार्टी (AAP) के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दिल्ली पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अमानतुल्लाह खान का कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, खुद अमानतुल्लाह ने एक पत्र जारी कर दावा किया है कि वह ओखला में ही मौजूद हैं और कहीं भागे नहीं हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमानतुल्लाह खान पर आरोप है कि उन्होंने भीड़ के साथ मिलकर एक अपराधी को पुलिस की गिरफ्त से भगाने में मदद की थी। इसी आरोप में उनके खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें, जिनमें लोकल इंटेलिजेंस और टेक्निकल यूनिट भी शामिल हैं, उनकी लोकेशन ट्रैक करने में लगी हुई हैं। लेकिन घटना के 40 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वह पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इस पूरे मामले पर अमानतुल्लाह खान ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने लिखा, “मैं ओखला में ही हूं, मैंने कोई अपराध नहीं किया है। दिल्ली पुलिस के कुछ लोग मुझे झूठे केस में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। जिस व्यक्ति को पुलिस गिरफ्तार करने आई थी, वह पहले से जमानत पर था और उसने अपने कानूनी दस्तावेज भी दिखाए। लेकिन पुलिस ने अपनी गलती छिपाने के लिए अब मुझ पर झूठे आरोप लगा दिए हैं।”
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी खुलकर अमानतुल्लाह खान के समर्थन में आ गई है। पार्टी का कहना है कि यह एक राजनीतिक षड्यंत्र है और पुलिस जानबूझकर उनके विधायक को परेशान कर रही है। वहीं, विपक्षी दलों ने AAP और अमानतुल्लाह खान पर निशाना साधते हुए कहा है कि अगर वह निर्दोष हैं, तो पुलिस से छिप क्यों रहे हैं? लेकिन फिलहाल, दिल्ली पुलिस इस मामले में कोई ढील देने के मूड में नहीं है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में लगी हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। अब देखना यह होगा कि अमानतुल्लाह खान कब तक कानून के शिकंजे से बचते हैं, या फिर वे खुद सामने आकर अपनी सफाई देते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।