‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ E20 Petrol विवाद पर BJP सांसद का बयान!

टेन न्यूज नेटवर्क

Madhya Pradesh News (10 August 2026): पेट्रोल में एथनॉल (E20 Petrol ) मिलाने को लेकर देश में जारी बहस के बीच मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान विवादों में आ गया है। उन्होंने एथनॉल का विरोध करने और शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वाले लोगों पर तीखी टिप्पणी की है। सांसद ने सवाल किया कि शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों को पेट्रोल क्या उनके पिता के घर से मिलेगा?

जनार्दन मिश्रा 9 अगस्त को रीवा एयरपोर्ट पर नई उड़ान के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल और एथनॉल के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल ही देश में पैदा करता है, जबकि करीब 80 प्रतिशत कच्चे तेल के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है।

‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’

एथनॉल का विरोध किए जाने पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग आंदोलन कर रहे हैं कि एथनॉल नहीं चलेगा और शुद्ध पेट्रोल चाहिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा, “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा? शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं देश में तो कहां से आएगा?”

उन्होंने कहा कि जब देश को बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करना पड़ता है, ऐसे में पेट्रोल में एथनॉल मिलाना जरूरी है। सांसद ने एथनॉल मिश्रण को सरकार की नीति के तौर पर सही ठहराया।

ब्राजील का दिया उदाहरण

जनार्दन मिश्रा ने अपने बयान में ब्राजील का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ब्राजील में बड़ी मात्रा में एथनॉल का उत्पादन होता है और वहां एथनॉल आधारित ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि वहां वाहन एथनॉल के इस्तेमाल से चल रहे हैं और इससे गाड़ियों को कोई बड़ी समस्या नहीं है।

सांसद ने यह भी कहा कि अगर एथनॉल का उत्पादन नहीं होगा तो पेट्रोल और डीजल की जरूरत पूरी करना मुश्किल होगा। उन्होंने एथनॉल के विरोध को बेवजह बताते हुए कहा कि विशेषज्ञों की राय के अनुसार एथनॉल के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन को नुकसान नहीं होता।

एथनॉल को लेकर देश में जारी है बहस

गौरतलब है कि पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण को लेकर देश में लगातार बहस चल रही है। सरकार एथनॉल मिश्रण को कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने, किसानों को अतिरिक्त बाजार उपलब्ध कराने और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण मानती है। वहीं, कुछ वाहन मालिक और विशेषज्ञ एथनॉल मिश्रित पेट्रोल के वाहनों पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का यह बयान एथनॉल के मुद्दे पर राजनीतिक बहस को और तेज कर सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।