25 साल की कानूनी लड़ाई के बाद मिली जीत, माली-सफाई कामगार यूनियन ने मनाया विजय उत्सव

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/08/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से नौकरी से हटाए गए माली एवं सफाई कामगारों के पक्ष में 25 वर्षों तक चले संघर्ष में ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए ग्रेटर नोएडा माली एवं सफाई कामगार यूनियन ने शनिवार को विजय उत्सव मनाया। नवादा स्थित शनि मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं और स्थानीय निवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

यूनियन के मुताबिक, नौकरी से हटाए जाने के खिलाफ कर्मचारियों ने लंबे समय तक सड़क से लेकर न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया। संगठन ने इस जीत को मजदूरों की एकजुटता और लगातार चले वर्ग संघर्ष की सफलता बताया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सभा में सीटू गौतम बुद्ध नगर के जिला सचिव कामरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला कमेटी सदस्य अरुण कुमार पटेल, सीपीआई (एम) जिला कमेटी सदस्य कामरेड भरत डेंजर, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA) की जिला अध्यक्ष रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी, यूनियन अध्यक्ष टीकम सिंह और महामंत्री रामकिशन सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय तक चलने वाला संगठित और लोकतांत्रिक संघर्ष आखिरकार अपना परिणाम देता है। उन्होंने इस फैसले को केवल ग्रेटर नोएडा के कर्मचारियों की जीत नहीं, बल्कि प्रदेश के ठेका, संविदा और अस्थायी कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश बताया। नेताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की जरूरत है।

बाढ़ पीड़ितों के लिए जुटाई गई सहयोग राशि

विजय उत्सव के दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े कई निर्णय भी लिए गए। सभा में बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उपस्थित मजदूरों और समर्थकों से सहयोग राशि एकत्र की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।

भारत छोड़ो आंदोलन के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

8 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को भी याद किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला

सभा में आगामी दिनों में मजदूरों से जुड़े मुद्दों और कथित मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। यूनियन ने कर्मचारियों के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के अंत में 10 अगस्त 2026 को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन और जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक कर्मचारियों और मजदूरों से प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया। यूनियन के महामंत्री रामकिशन ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता और लंबे संघर्ष से हासिल हुई इस जीत के बाद संगठन आगे भी मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।