नोएडा एयरपोर्ट तक बनेगा 50 किमी का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-हरियाणा से मिलेगा सीधा कनेक्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/08/2026): नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक पहुंच को और अधिक तेज, सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा प्राधिकरण ने प्रस्तावित 50 किलोमीटर लंबे छह लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के रूट को अंतिम रूप दे दिया है। करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और हरियाणा के बीच यातायात को नई गति देने के साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी।

प्राधिकरण के अनुसार, पहले यह एक्सप्रेसवे यमुना तटबंध के ऊपर प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक अनुमति नहीं मिलने के कारण इसके रूट में बदलाव किया गया है। अब एक्सप्रेसवे को यमुना तटबंध से लगभग पांच मीटर अंदर, नोएडा की ओर विकसित किया जाएगा। रूट फाइनल होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके पश्चात भूमि की भार वहन क्षमता (लोड टेस्ट), भू-तकनीकी सर्वेक्षण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।

प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का निर्माण और रखरखाव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जाएगा। योजना के अनुसार इसकी शुरुआत दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र के निकट मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे से होगी। इसके बाद यह सेक्टर-94 से होकर यमुना के किनारे-किनारे सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। परियोजना के अंतर्गत नोएडा क्षेत्र में लगभग 27 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

यह एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात का दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही अक्षरधाम, मयूर विहार, सरिता विहार, कालिंदी कुंज, पड़पड़गंज, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से एयरपोर्ट तक यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के सड़क नेटवर्क को भी अधिक सक्षम बनाएगी। भविष्य में बढ़ने वाले यातायात के दबाव को देखते हुए यह एलिवेटेड एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना साबित हो सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।