विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को किया अलर्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (05/08/2026): गौतमबुद्ध नगर में नगर निकायों के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद दादरी तथा नगर पंचायत बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जहाँगीरपुर और जेवर में 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना विकास निधि के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विकास प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि का उपयोग शासन की मंशा और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि टाइड फंड से पेयजल, स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल निकासी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जबकि अनटाइड फंड के माध्यम से सड़क निर्माण एवं मरम्मत, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाए।
अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि केवल जनहित और आवश्यकता के आधार पर विकास कार्यों का चयन किया जाए तथा सभी प्रस्ताव निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर समयबद्ध तरीके से स्वीकृति और क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वीकृत परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने यह भी निर्देशित किया कि जिन विभागों या नगर निकायों से किसी प्रस्ताव के संबंध में अतिरिक्त सूचना, अभिलेख या आख्या अपेक्षित है, वे दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं ताकि प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए और विकास कार्य समय पर शुरू हो सकें।
बैठक में नगर पालिका परिषद दादरी एवं नगर पंचायत बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जहाँगीरपुर और जेवर के अध्यक्षों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।