अवैध हथियार लाकर पांच राज्यों में सप्लाई करने वाले गैंग का भंडाफोड़, स्पेशल सेल ने आरोपियों को दबोचा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (05 August 2026): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्य प्रदेश से अवैध पिस्टल और कारतूस लाकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के बदमाशों तक पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 18 अवैध पिस्टल, 10 मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने और सप्लायरों, तस्करों व खरीदारों से संपर्क बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल करते थे।
डीसीपी (स्पेशल सेल) नर्श चैतन्य के अनुसार, एसीपी कैलाश बिष्ट की निगरानी में इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार और अजीत कुमार की टीम ने 5 जुलाई को मथुरा निवासी हरीश चंद्र (24) को आठ पिस्टल और आठ मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि वह अपने भाई भगत सिंह के साथ मध्य प्रदेश के सेंधवा से हथियार लाकर गैंग के सरगना शीशपाल सिंह के निर्देश पर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने 7 जुलाई को गुरुग्राम से प्रीतपाल सिंह और फरीदाबाद से अलीगढ़ निवासी शीशपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने अलीगढ़ के कुलदीप सागर और अगेस कुमार को भी दबोच लिया। पूछताछ में शीशपाल ने खुलासा किया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से मध्य प्रदेश और अलीगढ़ से हथियार खरीदकर विभिन्न राज्यों के अपराधियों तक पहुंचा रहा था। उसकी निशानदेही पर 14 जुलाई को अलीगढ़ निवासी नूर मोहम्मद और मोहम्मद शान को गिरफ्तार किया गया, जबकि अगले दिन मथुरा निवासी विक्रम सिंह भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस का कहना है कि गैंग मध्य प्रदेश से पिस्टल और अलीगढ़ से अवैध तमंचे खरीदकर मांग के अनुसार सप्लाई करता था।
स्पेशल सेल का मानना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से हथियारों की खरीद, ढुलाई, भंडारण और डिलीवरी का पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था। गैंग का सरगना शीशपाल पूरे नेटवर्क का संचालन करता था, जबकि अन्य सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन आपराधिक गिरोहों तक हुई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।