ग्रेटर नोएडा: चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दो फायरकर्मियों की मौत, तीन घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/08/2026): ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित ILGIM इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने के दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, 03/04 अगस्त 2026 की रात थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी (जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का कार्य होता है) में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का एक बीम अचानक गिर गया, जिससे फायर सर्विस के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन रोहित यादव, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फायर विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर मौजूद है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे ग्रेटर नोएडा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप एवं इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू के साथ फायर फाइटिंग शुरू की। आग पर काबू पाने के दौरान फैक्ट्री की साइड वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबा और लोहे की बीम फायरकर्मियों पर आ गिरी। इस हादसे में एक मुख्य आरक्षी (चालक) और एक फायरमैन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य फायरकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है तथा घटना के कारणों की जांच के लिए विभागीय आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।