New Delhi News (03 August 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली नोएडा की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने का निर्णय लिया है। यह फैसला उस समय आया है जब नोएडा में दर्ज जीरो एफआईआर को जांच के लिए दिल्ली पुलिस के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में स्थानांतरित किया गया था। कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ आगे कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया।
यह मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नाबालिग लड़की कथित रूप से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती दिखाई दी थी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में अधिकार क्षेत्र के आधार पर दिल्ली पुलिस को भेज दिया गया।
विवाद बढ़ने के बाद नाबालिग लड़की ने दो बार सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। अपने वीडियो संदेश में उसने कहा कि प्रदर्शन के दौरान मौजूद कुछ लोगों के प्रभाव में आकर उसने आपत्तिजनक नारे दोहराए थे। उसने इसे अपनी “पहली और आखिरी गलती” बताते हुए कहा कि उसे अपने व्यवहार पर गहरा पछतावा है। लड़की ने यह भी दावा किया कि वायरल वीडियो उसने स्वयं सोशल मीडिया पर साझा नहीं किया था और उसने देशवासियों से क्षमा मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का वादा किया।
इस मामले में शुरुआती तौर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। साथ ही, वायरल वीडियो के प्रसार को लेकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी अलग से मामला दर्ज कर सोशल मीडिया मंचों को संबंधित वीडियो हटाने और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कानूनी जांच के बाद नाबालिग के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने का फैसला लिया है।
इस विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ-साथ उनकी दिवंगत मां के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे उन्हें दुख पहुंचा। हालांकि, उन्होंने लोगों से अपील की थी कि ऐसे “गुमराह बच्चों” को माफ किया जाए और उन्हें सही रास्ता दिखाने का प्रयास किया जाए। दिल्ली पुलिस के ताजा फैसले के बाद इस मामले में नाबालिग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, जबकि वायरल सामग्री और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अलग से जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।