GL Bajaj और Healing Himalayas Foundation के बीच MoU, पर्यावरण संरक्षण पर मिलकर करेंगे काम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/08/2026): पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान में आयोजित ‘उड़ान-2026’ इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पर्यावरणविद्, पर्वतारोही और हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के संस्थापक प्रदीप सांगवान ने छात्रों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान और फाउंडेशन के बीच पर्यावरण संरक्षण, शोध और छात्र सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने मुख्य अतिथि प्रदीप सांगवान का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव समाज के प्रत्येक व्यक्ति में विकसित होना चाहिए और शिक्षण संस्थानों की इसमें अहम भूमिका है।

अपने संबोधन में प्रदीप सांगवान ने कहा कि “हिमालय हमारी विरासत नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने बताया कि हिमालय आज केवल जलवायु परिवर्तन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों का ही सामना नहीं कर रहा, बल्कि मानव की लापरवाही भी उसके लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। धार्मिक यात्राओं और एडवेंचर टूरिज्म के बढ़ते दायरे के साथ पहाड़ों में प्लास्टिक और अन्य कचरे का संकट लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी संस्था का उद्देश्य केवल पहाड़ों से कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना भी है। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ लोगों द्वारा छोड़ा गया कचरा नहीं उठाते, बल्कि पर्यावरण के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को भी बदलने का प्रयास करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे जहां भी जाएं, वहां प्रकृति को नुकसान पहुंचाने के बजाय उसे संरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएं।

प्रदीप सांगवान ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के कार्यों का उल्लेख किया जाना उनके अभियान के लिए एक बड़ी उपलब्धि और प्रेरणा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित हजारों स्वयंसेवकों के प्रयासों का परिणाम है।

इस अवसर पर जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को नई पीढ़ी के संस्कारों का हिस्सा बनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समान महत्व देता है। हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के बीच हुए एमओयू के तहत पर्यावरण संरक्षण, संयुक्त शोध परियोजनाओं, स्वच्छता अभियानों, छात्र सहभागिता और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर मिलकर कार्य किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संबंधी गतिविधियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उन्हें सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी तथा पीजीडीएम बैच 2026-28 के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के लिए सक्रिय योगदान देने तथा प्रकृति के संरक्षण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में निभाने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।