बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/08/2026): जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्युत समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान विद्युत विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं, विद्युत तंत्र के आधुनिकीकरण, उपभोक्ता सेवाओं और लंबित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने विद्युत तंत्र को मजबूत बनाने के लिए स्वीकृत परियोजनाओं, बिजनेस प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। इसके लिए विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी स्वीकृत कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप और तय समय में पूरे हों।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। इसके लिए नियमित रखरखाव, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और विद्युत नेटवर्क की सतत निगरानी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सक्षम और विश्वसनीय बनाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
सांसद ने उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली से संबंधित शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था में सुधार लाया जाए और जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान सांसद ने कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए जनपद में निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह ने जेवर क्षेत्र के तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास को देखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत विभाग की विभागीय वर्कशॉप स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि रखरखाव कार्यों में तेजी लाई जा सके। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में ट्रांसफॉर्मरों का रिजर्व स्टॉक उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया, जिससे किसी ट्रांसफॉर्मर के खराब होने पर निर्धारित समय में उसे बदलकर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल की जा सके।
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर का सेक्टर-10 भविष्य में प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में विकसित होने जा रहा है। बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित होने से क्षेत्र में बिजली की मांग तेजी से बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक और बड़े क्षमता वाले बिजलीघर की स्थापना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए।
बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि जनपद की विद्युत व्यवस्था को अधिक आधुनिक, मजबूत और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं और परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों और औद्योगिक इकाइयों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
बैठक में विधायक दादरी तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन, अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार, अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) उमेश सिंह यादव सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।