दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें प्रक्रिया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (01 /August/ 2026): दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना का शनिवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी स्थित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय (पूर्व) में आयोजित कार्यक्रम में योजना के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल की शुरुआत की। इसके साथ ही दिल्ली की पात्र महिलाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 अगस्त से दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सम्मान और आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है तथा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के अपने वादे को पूरा कर रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी महिला के लिए यह उसके नाम की पहली बचत होगी, किसी के लिए दवा, बच्चों की पढ़ाई या घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने का साधन बनेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, हर पात्र महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे उन्हें निर्णय लेने की शक्ति और आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

दिल्ली सरकार के अनुसार, योजना के तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को लाभ मिलेगा। इसके लिए महिला का पिछले 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार में कोई सरकारी या अर्धसरकारी कर्मचारी अथवा पेंशनधारी नहीं होना चाहिए। जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है या परिवार में तीन से अधिक बच्चे हैं, वे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे। साथ ही आवेदन करने वाली महिला को परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य होना भी जरूरी होगा।

सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का अनुमान है कि इससे दिल्ली की 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन किया जाएगा और रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ बिना किसी परेशानी के पहुंचे।

ऑनलाइन आवेदन के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, वोटर आईडी कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट आकार की दो फोटो और आय संबंधी विवरण प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा राशन कार्ड, बिजली, पानी या गैस का बिल तथा एबीएचए आईडी या अपार आईडी उपलब्ध होने पर जमा की जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के समय सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी फोटोकॉपी भी साथ लाना अनिवार्य होगा ताकि सत्यापन प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

दिल्ली सरकार ने महिलाओं से अपील की है कि वे आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं और योजना का लाभ उठाएं। सरकार का दावा है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और सरल रखी गई है। राजनीतिक रूप से भी इस योजना को भाजपा सरकार के प्रमुख चुनावी वादों में से एक माना जा रहा है। ऐसे में रजिस्ट्रेशन की शुरुआत के साथ ही लाखों महिलाओं को अब पहली किस्त का इंतजार है, जिसे सरकार रक्षाबंधन के मौके पर जारी करने की तैयारी कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।