AAP का BJP पर हमला, सौरभ भारद्वाज बोले- शर्तें इतनी कि महिलाओं को ₹2500 मिलना होगा मुश्किल

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (29 जुलाई 2026): दिल्ली सरकार की प्रस्तावित लक्ष्मी योजना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दिल्ली की हर महिला को हर महीने ₹2500 देने का वादा किया था, लेकिन अब योजना में ऐसी कई शर्तें जोड़ दी गई हैं, जिनके कारण बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि योजना के तहत केवल 21 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को ही लाभ देने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को इस योजना से बाहर रखने का क्या औचित्य है।

उन्होंने आरोप लगाया कि योजना में एक परिवार से केवल एक महिला को लाभ देने की शर्त रखी गई है। इसके अलावा, दिल्ली में कम से कम 10 वर्ष का निवास प्रमाण, परिवार में तीन से अधिक बच्चे न होना और राशन कार्ड जैसी शर्तें भी लाभार्थियों के लिए अनिवार्य बताई जा रही हैं।

AAP नेता ने बिजली खपत से जुड़ी कथित शर्त पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी परिवार की वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट से अधिक होती है, तो उसे भी योजना के दायरे से बाहर किया जा सकता है।

’76 लाख महिलाओं में कितनों को मिलेगा लाभ?’

सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली में करीब 76 लाख महिलाएं हैं, जबकि पंजीकृत महिलाओं की संख्या लगभग 67 लाख है। उन्होंने कहा कि भाजपा करीब 17 लाख महिलाओं को योजना का लाभ देने की बात कर रही है, लेकिन मौजूदा शर्तों को देखते हुए उनका अनुमान है कि 5 लाख से अधिक महिलाओं को भी इसका लाभ मिल पाना मुश्किल होगा।

उन्होंने भाजपा पर चुनावी वादे से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय हर महिला को ₹2500 प्रति माह देने का वादा किया गया था, लेकिन अब लाभार्थियों की संख्या सीमित करने के लिए अलग-अलग शर्तें लगाई जा रही हैं।

बच्चों की संख्या वाली शर्त पर भी उठाए सवाल

सौरभ भारद्वाज ने परिवार में बच्चों की संख्या से जुड़ी कथित शर्त पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला की चार बेटियां हैं, तो क्या उसे योजना से वंचित कर दिया जाएगा? इसी संदर्भ में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अधिक बच्चे पैदा करने संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए भाजपा से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

‘वादा पूरा करे भाजपा’

AAP अध्यक्ष ने लक्ष्मी योजना को “महिलाओं के साथ भद्दा मजाक” बताते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान महिलाओं से बड़े वादे किए थे, लेकिन अब उन वादों को सीमित करने के लिए कई शर्तें लगाई जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि यदि भाजपा ने महिलाओं को ₹2500 प्रति माह देने का वादा किया था, तो उसे बिना भेदभाव और बिना कठोर शर्तों के लागू किया जाना चाहिए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।