गाजियाबाद RWA फेडरेशन में 16 साल बाद चुनाव, निर्विरोध चुनी गई नई कार्यकारिणी

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (29/07/2026): गाजियाबाद आरडब्ल्यूए फेडरेशन (पंजीकृत) में 16 वर्षों बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें सभी 15 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। किसी भी पद पर मुकाबला नहीं होने के कारण मतदान की नौबत नहीं आई और पूरी कार्यकारिणी सर्वसम्मति से चुन ली गई। चुनाव अधिकारी एवं जीएसटी अधिकारी राधामोहन द्विवेदी ने अंतिम उम्मीदवार सूची जारी करते हुए निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।

नई कार्यकारिणी में राज कुमार गर्ग को चेयरमैन, देवव्रत चौधरी को को-चेयरमैन, राजीव अग्रवाल को वाइस चेयरमैन (सिटी जोन), के.एल. मल्होत्रा को वाइस चेयरमैन (वसुंधरा), विनय गुप्ता को जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन), प्रीतम लाल को जनरल सेक्रेटरी (ई), मुकेश मनोहर अग्रवाल को चीफ कोऑर्डिनेटर, धर्मेंद्र खंडेलवाल को पीआरओ, महेश चंद्र को सेक्रेटरी (एफ), राज कुमार त्यागी को सेक्रेटरी (कविनगर जोन) तथा जितेंद्र कुमार सिंघल को सेक्रेटरी (सिटी जोन) चुना गया। वहीं बी.सी. जोशी, वीरेंद्र पाल सिंह, कृष्णकांत शर्मा और आर.के. शर्मा कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

टेन न्यूज से विशेष टेलिफोनिक बातचीत में नवनिर्वाचित जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन) विनय गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2006 में फेडरेशन की स्थापना गाजियाबाद के समग्र विकास और विभिन्न आरडब्ल्यूए को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले दो दशकों से शहर की मूलभूत सुविधाओं, नागरिक समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाती रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 के बाद पहली बार चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई और 28 जुलाई 2026 को सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। उन्होंने इसे फेडरेशन की एकजुटता और सदस्यों के आपसी विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा के साथ समाज सेवा, आरडब्ल्यूए के हितों की रक्षा और गाजियाबाद के समग्र विकास के लिए कार्य करती रहेगी।

चुनाव अधिकारी राधामोहन द्विवेदी ने बताया कि सभी 15 पदों पर केवल एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण मतदान कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी विभिन्न आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय को और मजबूत करेगी तथा नागरिक सुविधाओं, शहरी विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान में फेडरेशन की भूमिका पहले से अधिक प्रभावी होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।