दिल्ली के छात्रों को शिक्षा मंत्री आशीष सूद का मंत्र: नौकरी ढूंढने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 July 2026): दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने विद्यार्थियों से नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। दक्षिण जिला इनोवेशन शोकेस कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी सोच विकसित करनी होगी जो समाज की समस्याओं का समाधान खोजे और नए रोजगार के अवसर पैदा करे। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे युवाओं की जरूरत है जो नौकरी तलाशने के बजाय दूसरों को रोजगार देने की क्षमता विकसित करें। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीखने का अवसर मानकर आगे बढ़ने की अपील की।

आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार स्कूल स्तर से ही ऐसा शैक्षणिक माहौल तैयार कर रही है, जहां विद्यार्थियों में नवाचार, जोखिम उठाने की क्षमता और उद्यमिता की भावना विकसित हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप छात्रों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उनका कहना था कि मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए प्रारंभिक स्तर पर ही इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा तैयार किए गए कई अभिनव प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। स्मार्ट सेग्रिगेशन डस्टबिन, बुजुर्गों के लिए ऑटोमेटेड मेडिसिन अलार्म सिस्टम और ड्रोन आधारित स्ट्रीट सेफ्टी सर्विलांस प्रोजेक्ट जैसे मॉडलों की शिक्षा मंत्री ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार समाज की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो उनके विचार भविष्य में बड़े स्टार्टअप और सफल उद्यम का रूप ले सकते हैं।

इनोवेशन शोकेस में उद्योग जगत के विशेषज्ञों और उद्यमियों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अंबेडकर नगर के सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा विकसित “इको ब्लेज टेक” स्किनकेयर ऐप की व्यावसायिक संभावनाओं से प्रभावित होकर एक उद्यमी ने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं एमएसएमई विभाग के अधिकारियों ने भी छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनके नवाचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए सरकारी स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सीएम श्री स्कूल, नानकपुरा में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जोनों से चयनित छात्र टीमों ने भाग लिया, जहां विशेषज्ञों ने प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन मौलिकता, सामाजिक प्रभाव, व्यावसायिक संभावनाओं, टीमवर्क और प्रस्तुति के आधार पर किया। शिक्षा निदेशालय ने दोहराया कि उसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला छात्र बनाना नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, नवाचारी और भविष्य के लिए तैयार इनोवेटर के रूप में विकसित करना है, ताकि वे देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।