गलगोटियास विश्वविद्यालय बना अनुशासन और नेतृत्व का केंद्र, NCC कैडेटों ने सीखे सैन्य और जीवन कौशल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/07/2026): 31 उत्तर प्रदेश कन्या वाहिनी एनसीसी, ग्रेटर नोएडा द्वारा गलगोटियास विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-135/प्री-टीएससी-2) में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, आपदा प्रबंधन, सामाजिक जागरूकता और व्यक्तित्व विकास का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में करीब 400 एनसीसी कैडेट एवं स्टाफ सदस्य प्रतिभाग कर रहे हैं। कैम्प कमांडेंट कर्नल सुमित बाना के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में प्रतिदिन कैडेटों को अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जा रहा है।

एनडीआरएफ ने सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

शिविर के सातवें दिन 23 जुलाई को प्रशिक्षण की शुरुआत प्रातःकालीन पीटी से हुई। इसके बाद कैडेटों को शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग और फायरिंग का अभ्यास कराया गया। साथ ही बेस्ट कैडेट एवं एसएसबी सुपर-30 चयन प्रक्रिया की तैयारियों के लिए विशेष अभ्यास भी कराया गया।

गलगोटियास विश्वविद्यालय

इस दौरान 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), नेहरू नगर गाजियाबाद की टीम ने कैडेटों को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर तौशीफ खान ने किया। उनके साथ सीटी/जीडी पबिता मंडल, मंजू भाटी, मिथलेश कुमार, राघवेंद्र कुमार एवं हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने बाढ़, भूकंप, चक्रवात जैसी आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की तकनीकों, प्राथमिक उपचार और संकट के समय प्रभावी नेतृत्व की जानकारी देकर कैडेटों को जागरूक किया।

ड्रोन संचालन और पॉक्सो कानून पर मिला विशेष प्रशिक्षण

शिविर के आठवें दिन 24 जुलाई को नियमित सैन्य प्रशिक्षण के साथ बेस्ट कैडेट, एसएसबी सुपर-30, ड्रोन संचालन एवं थल सैनिक शिविर के लिए ग्रुप टीम चयन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया गया। कैडेटों को आधुनिक तकनीक के उपयोग और प्रतियोगी चयन प्रक्रियाओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया।

गलगोटियास विश्वविद्यालय

शिविर में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी प्रतिभागियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। समूह गीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ रस्साकशी और वॉलीबॉल जैसी खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे कैडेटों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास हुआ।

इसी दिन शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा की डॉ. अकुशा सिकंदर फातिमा ने पॉक्सो (POCSO) अधिनियम पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न एवं अश्लीलता से बचाने के कानूनी प्रावधानों, जागरूकता और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से जानकारी दी तथा कैडेटों को संवेदनशील सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

उत्कृष्ट कैडेटों का हुआ सम्मान

शिविर के नौवें दिन 25 जुलाई को प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेटों को कैम्प कमांडेंट कर्नल सुमित बाना द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गलगोटियास विश्वविद्यालय

सम्मान समारोह में कर्नल सुमित बाना ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कैडेटों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य दक्षता के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, आधुनिक तकनीक, सामाजिक सुरक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और नेतृत्व कौशल का समग्र प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे भविष्य की विभिन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए तैयार हो सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।