जीबीयू के छात्रों को मिला करियर का बड़ा अवसर: 18 ने हासिल किया स्किल इंडिया प्रमाणन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/07/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) ने उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन (FICSI) के साथ मिलकर ‘प्रशिक्षण एवं रोजगार परियोजना’ शुरू की, जिसके तहत स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के अंतिम वर्ष के बीबीए और बीकॉम छात्रों को विशेष औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस पहल का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 18 विद्यार्थियों में से 14 का चयन प्रतिष्ठित कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में हो गया, जबकि शेष छात्रों को आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस परियोजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को ‘सेल्स एसोसिएट – फूड इंडस्ट्री’ विषय पर 200 घंटे का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण स्किल इंडिया से प्रमाणित प्रशिक्षकों की देखरेख में संचालित किया गया, जिसमें खाद्य उद्योग की कार्यप्रणाली, सेल्स एवं मार्केटिंग, ग्राहक व्यवहार, व्यावसायिक संचार और उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों का स्किल इंडिया के निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन किया गया। उल्लेखनीय है कि सभी 18 विद्यार्थी इस मूल्यांकन में सफल रहे और उन्हें स्किल इंडिया का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इनमें से 14 विद्यार्थियों को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में रीजनल सेल्स ऑफिसर के पद पर लगभग ₹5 लाख वार्षिक पैकेज के साथ नियुक्ति मिली है। वहीं, शेष विद्यार्थियों को आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रशिक्षण पूरा होने पर आयोजित प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के छात्रों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण एवं रोजगार परियोजना ने विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें व्यवहारिक अनुभव और पेशेवर दक्षताओं से भी सशक्त बनाया है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा प्रदान करना है, जो सीधे उद्योगों की जरूरतों से जुड़ी हो। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों की कॉर्पोरेट क्षमता को मजबूत करते हैं और उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर करियर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ साझेदारी कर ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों का विस्तार करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उद्योग-अकादमिक समन्वय को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन (FICSI) की सीनियर मैनेजर सुश्री पुष्पिता राणा ने कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से बीबीए और बीकॉम के अंतिम सेमेस्टर के उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो फूड इंडस्ट्री में सेल्स और मार्केटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से उद्योगों को प्रशिक्षित और योग्य उम्मीदवार उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

इस पहल के माध्यम से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने वाले व्यावहारिक और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण पर भी समान रूप से जोर दे रहा है। विश्वविद्यालय की यह साझेदारी आने वाले समय में अधिक से अधिक छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।