प्रदर्शन खत्म होते ही जंतर-मंतर में चला एनडीएमसी का मेगा स्वच्छता अभियान

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26 जुलाई 2026): जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होते ही नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने पूरे क्षेत्र में विशेष स्वच्छता, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण अभियान शुरू कर दिया। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल स्वयं देर रात जंतर-मंतर पहुंचे और पूरी रात मौके पर रहकर सफाई, कचरा हटाने, मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की निगरानी करते रहे। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। अभियान पूरा होने के बाद उन्होंने दोपहर में दोबारा जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के विज़न से प्रेरित होकर यह अभियान चलाया गया, ताकि प्रदर्शन के बाद राजधानी में जनजीवन और यातायात को जल्द सामान्य बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सिविल इंजीनियरिंग और उद्यान विभागों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए पूरे क्षेत्र को शीघ्र सामान्य स्थिति में पहुंचाया।

500 से अधिक कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा

एनडीएमसी के अनुसार अभियान में 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रात से लेकर दिनभर लगातार कार्य किया। इस दौरान सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों, हरित पट्टियों, दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई, धुलाई, मरम्मत तथा पुनर्स्थापन का कार्य किया गया।

चहल ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी की टीमें सक्रिय हो गई थीं और परिषद द्वारा पूरे प्रदर्शन स्थल की सफाई किसी भी अन्य प्रतीकात्मक सफाई गतिविधि से पहले ही पूरी कर ली गई थी।

60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रातभर 75 सफाई कर्मचारी तथा सुबह से 35 अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया। अभियान के दौरान करीब 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके लिए 8 ऑटो टिपर, 2 भारी ट्रक, 1 जेसीबी और 3 हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया।

सड़कों की धुलाई, दीवारों की रंगाई और फुटपाथों की मरम्मत

सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने लगभग 50 कर्मचारियों की तैनाती कर 4 जेटिंग मशीनों की सहायता से सड़कों एवं फुटपाथों की धुलाई की। साथ ही दीवारों पर लिखे नारों को हटाकर दोबारा रंगाई-पुताई की गई तथा क्षतिग्रस्त कर्ब स्टोन और फुटपाथों की मरम्मत भी कराई गई।

उद्यान विभाग ने हरित पट्टियों, डिवाइडरों और उद्यान क्षेत्रों की सफाई, रखरखाव एवं पुनर्स्थापन कर क्षेत्र की हरियाली और सौंदर्य को पुनर्स्थापित किया।

“युद्ध स्तर पर हुआ काम” : कुलजीत सिंह चहल

कुलजीट सिंह चहल ने कहा कि प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी की सभी टीमें तत्काल मैदान में उतर गईं। जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय रोड, संसद मार्ग, जयसिंह रोड, जनपथ और कनॉट प्लेस के आसपास युद्ध स्तर पर सफाई, धुलाई और मरम्मत का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी रात एवं दिनभर लगातार काम किया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा क्षेत्र जल्द सामान्य स्थिति में लौट सके।

कर्मचारियों की सराहना, नागरिकों से भी की अपील

निरीक्षण के दौरान कुलजीत सिंह चहल ने सफाई कर्मचारियों, अभियंताओं, अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के समर्पण एवं अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के कर्मचारी परिषद की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी मेहनत से ही राजधानी को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाया जा सका।

उन्होंने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

चहल ने कहा कि भविष्य में भी किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन अथवा प्रदर्शन के बाद एनडीएमसी त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों को शीघ्र स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।