दिल्ली में विधानसभा चुनाव सम्पन्न, चुनाव आयोग ने हटाई आचार संहिता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 फरवरी 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के साथ ही चुनाव आयोग ने आज एक आधिकारिक आदेश जारी कर आदर्श आचार संहिता हटाने की घोषणा की। चुनाव आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और तमिलनाडु व उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा घोषित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही, चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और अब आचार संहिता का प्रभाव समाप्त हो गया है।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता चुनाव की अधिसूचना जारी होने के दिन से लागू की जाती है और यह तब तक प्रभावी रहती है जब तक चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। अब जबकि चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं, आयोग ने तुरंत आचार संहिता हटाने का आदेश जारी किया है।

चुनाव आयोग के सचिव सौम्यजीत घोष द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया है। यह फैसला प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों को पुनः सामान्य रूप से संचालित करने के लिए लिया गया है।

गौरतलब है कि चुनावी आचार संहिता लागू होने के दौरान सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर कई तरह की पाबंदियां रहती हैं, जिनका उद्देश्य स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना होता है। अब इसके हटने के बाद सरकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों को फिर से पूरी गति से संचालित किया जा सकेगा।

इस फैसले के बाद दिल्ली समेत तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।