खुले मौत के गड्ढे ने छीनी छह वर्षीय मासूम की जिंदगी,लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/07/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। विकास कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ देने की कथित लापरवाही एक छह वर्षीय मासूम की जान पर भारी पड़ गई। बारिश का पानी भर जाने से यह गड्ढा मौत का कुंड बन गया, जिसमें गिरकर बच्चे की दुखद मृत्यु हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और विकास कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आव्यान सूर्या (6 वर्ष) पुत्र शिवान यादव, निवासी कलाधाम कॉलोनी, नॉलेज पार्क-2 के रूप में हुई है। शनिवार शाम आव्यान अपने साथियों के साथ कॉलोनी परिसर में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद के पीछे दौड़ते हुए वह उस स्थान तक पहुंच गया, जहां बोरिंग कार्य के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। लगातार बारिश के कारण गड्ढा पूरी तरह पानी से भर चुका था। आसपास फिसलन और कीचड़ होने के कारण मासूम का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा।

साथ खेल रहे बच्चों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार और विलाप ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।

परिजनों का सवाल— आखिर हमारे बेटे की जान की जिम्मेदारी कौन लेगा?

मासूम की असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पिता शिवान यादव, जो केंद्रीय विद्यालय में उपप्रधानाचार्य (वाइस प्रिंसिपल) के पद पर कार्यरत हैं, अपने बेटे को खोने के गम में बार-बार यही सवाल उठा रहे हैं कि आखिर उनके मासूम की क्या गलती थी। उनका कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो आज उनका बेटा जीवित होता।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिक जांच शुरू कर दी गई है।

प्राधिकरण ने मानी गंभीर चूक, जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई

घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि गड्ढा खोदने के बाद उसके चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। यह सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया।

प्राधिकरण ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार मनोज जैन, सुपरवाइजर जॉनी तथा टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, जबकि ठेकेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आनन-फानन में गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए गए।

एसडीएम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रेटर नोएडा के एसडीएम आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल

यह हादसा एक बार फिर इस बात की ओर संकेत करता है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी घातक साबित हो सकती है। आबादी वाले क्षेत्रों में खुले गड्ढे छोड़ना, बैरिकेडिंग न करना और चेतावनी संकेतों का अभाव किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि प्रशासन और प्राधिकरण की कार्रवाई के बावजूद यह सवाल कायम है कि क्या ऐसी लापरवाही के लिए केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त होगी या फिर जवाबदेही तय करते हुए उच्च स्तर तक जिम्मेदारी तय की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।