एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड की दम घुटने से मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/07/2026): ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित सेक्टर-150 की एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण पहले एक कर्मचारी बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए टैंक में उतरा सुरक्षा गार्ड भी बेहोश हो गया। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शशिकांत शर्मा (40 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी ग्राम गड़मुरा, थाना गड़मुरा, जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है। शशिकांत एसटीपी टैंक की सफाई का कार्य कर रहे थे। सफाई के दौरान वह अचानक टैंक के भीतर बेहोश होकर गिर पड़े। शशिकांत को बचाने के प्रयास में सोसाइटी का सुरक्षा गार्ड आकाश (22 वर्ष) पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम इटहारी, जिला फिरोजाबाद, बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गया। टैंक के अंदर पहुंचते ही वह भी बेहोश हो गया और बाहर नहीं निकल सका।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि एसटीपी टैंक के भीतर जहरीली गैस के प्रभाव अथवा ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों की मौत हुई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।