Jantar Mantar Protest: 400 से अधिक पाकिस्तानी हैंडल सक्रिय, Delhi Police का बड़ा खुलासा!
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (25 जुलाई 2026): जंतर-मंतर पर पिछले कई सप्ताह से CJP के बैनर तले चल रहे प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर ( DCP Central Rohit Rajbir) ने कहा कि प्रदर्शन से जुड़े मामलों में सोशल मीडिया का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई भ्रामक, असत्य और लोगों को गुमराह करने वाले पोस्ट भी प्रसारित किए गए।
डीसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी बहुत तेजी से वायरल हो जाती है, लेकिन हर वायरल पोस्ट सत्य हो, यह आवश्यक नहीं है। ऐसे में किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसका फैक्ट-चेक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी पोस्ट और अफवाहों का खंडन कर सही जानकारी साझा कर रही है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मृत्यु हो गई, जबकि पुलिस जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। इसी प्रकार एक राजनीतिक नेता द्वारा यह दावा किया गया कि केंद्र सरकार रात के समय प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई (क्रैकडाउन) की तैयारी कर रही है, लेकिन जांच में यह दावा भी निराधार पाया गया।
डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि जांच के दौरान 400 से अधिक ऐसे सोशल मीडिया हैंडल चिन्हित किए गए, जो पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे। इन हैंडल्स के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की सहायता से तैयार किए गए फर्जी वीडियो और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि इन फर्जी सामग्रियों में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक कथित डीपफेक वीडियो भी शामिल था। इसके अलावा भारतीय सेना के एक महानिदेशक (DG) का भी डीपफेक वीडियो वायरल किया गया। पुलिस के अनुसार, ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए, जिनका उद्देश्य भ्रम और दहशत का माहौल बनाना था।
प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी ने यह भी जानकारी दी कि पेपर लीक जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस ने एक विशेष कार्यबल (STF) का गठन किया है। इस STF का नेतृत्व क्राइम ब्रांच के डीसीपी करेंगे, जबकि इसकी निगरानी स्पेशल सीपी स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
अंत में डीसीपी रोहित राजबीर ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने वाले सभी प्रदर्शनकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग किया, जिसके लिए पुलिस उनकी सराहना करती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।