दिल्ली की बिजली व्यवस्था होगी और स्मार्ट, गांधी नगर में आधुनिक सबस्टेशन का उद्घाटन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (19 July 2026): दिल्ली की बिजली व्यवस्था को आधुनिक और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने रविवार को दो बड़ी ऊर्जा पहलों की शुरुआत की। उन्होंने गांधी नगर में अत्याधुनिक स्मार्ट पैड माउंटेड सबस्टेशन का उद्घाटन किया और “सोलराइज ईस्ट” अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, जनप्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए, हाउसिंग सोसायटी के सदस्य और बिजली वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक योजना के तहत लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में बिजली क्षेत्र में 1,427 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश किया गया है। इस निवेश से ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, नए सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं, पुराने बिजली ढांचे का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और स्मार्ट तकनीकों को तेजी से अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए मजबूत ऊर्जा अवसंरचना तैयार कर रही है।
आशीष सूद ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में 8,748 मेगावाट की अब तक की सबसे अधिक पीक बिजली मांग दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद राजधानी में किसी बड़े बिजली संकट या व्यापक पावर कट की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि यह सरकार की बेहतर योजना, बिजली वितरण कंपनियों की तैयारी और इंजीनियरों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य केवल बिजली उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों को विश्वसनीय, किफायती, स्मार्ट और हरित ऊर्जा उपलब्ध कराना है।
ऊर्जा मंत्री ने गांधी नगर में स्थापित स्मार्ट पैड माउंटेड सबस्टेशन को घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक सबस्टेशन पारंपरिक व्यवस्था की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत कम जगह घेरता है और एससीएडीए जैसी उन्नत तकनीक से लैस है। इससे बिजली व्यवस्था की बेहतर निगरानी, खराबी आने पर तेज़ी से सुधार और उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में दिल्ली के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ऐसी आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी।
“सोलराइज ईस्ट” अभियान पर बोलते हुए आशीष सूद ने कहा कि यह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को जन-आंदोलन बनाने की पहल है। इसके माध्यम से लोगों को रूफटॉप सोलर, सरकारी सब्सिडी, नेट मीटरिंग और स्थापना प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से की गई है और लोगों की सकारात्मक भागीदारी के आधार पर इसे बीवाईपीएल के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।