ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनसमस्याओं को लेकर GBNVS ने GNIDA अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (19/07/2026): गौतम बुद्ध नगर विकास समिति (GBNVS) के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के महाप्रबंधक (GM) ए.के. सिंह एवं उप महाप्रबंधक (DGM) संदीप चंद्रा से मुलाकात कर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
बैठक में GBNVS ने प्रमुख मांगों में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर सुनियोजित वेंडर ज़ोन विकसित करने, हाई-राइज सोसाइटियों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने, हिंडन नदी में एसटीपी एवं अन्य अपशिष्ट जल के अनियंत्रित प्रवाह पर रोक लगाने, गौर चौक एवं परथला चौक की यातायात व्यवस्था में सुधार, प्रदूषण के दौरान उपचारित जल से नियमित जल छिड़काव, सेवियर ग्रीनआर्क के सामने दुर्घटना संभावित सड़क का पुनः डिज़ाइन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सरकारी अस्पताल, सरकारी खेल स्टेडियम एवं कम्युनिटी हॉल की स्थापना, ग्रीन बेल्ट के बेहतर रखरखाव, KP-5 (6%) क्षेत्र में जलापूर्ति, तुस्याना 6% आबादी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने तथा वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
समिति ने विशेष रूप से बताया कि सोसाइटियों से निकलने वाला कूड़ा कई स्थानों पर खुले में डंप होने के कारण कूड़े के बड़े-बड़े ढेर बन रहे हैं, जिससे प्रदूषण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके लिए वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण, नियमित संग्रहण एवं खुले में डंपिंग पर रोक लगाने की मांग की गई।
महाप्रबंधक ए.के. सिंह एवं उप महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान GBNVS के महासचिव आदित्य अवस्थी ने नोएडा एक्सटेंशन स्थित अमरपाली गोल्फ होम्स के निवासियों की प्रमुख समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने सोसाइटी में गंगा जल आपूर्ति शीघ्र प्रारंभ करने, सामने स्थित खुले नाले को ढकने, नए यू-टर्न के निर्माण तथा बस स्टॉप की स्थापना की मांग की।
इस पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए बताया कि अगले 3–4 महीनों में अमरपाली गोल्फ होम्स में गंगा जलापूर्ति प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही वर्तमान जलापूर्ति बढ़ाने, खुले नाले को ढकने, यू-टर्न के प्रस्ताव पर कार्रवाई तथा बस स्टॉप निर्माण की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक के उपरांत GBNVS की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आबादी तेजी से बढ़ रही है, इसलिए नागरिक सुविधाओं का विस्तार भी उसी गति से होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन क्षेत्रवासियों की आवाज़ बनकर जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार प्राधिकरण के समक्ष उठाता रहेगा तथा सभी आश्वासनों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
बैठक में गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की ओर से अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय, महासचिव आदित्य अवस्थी एवं अरुण सारस्वत उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।