जीएल बजाज में भव्य 16वाँ दीक्षांत समारोह: पीजीडीएम बैच 2023–25 को मिली नई उड़ान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (19/07/2026): जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (GLBIMR), ग्रेटर नोएडा में पीजीडीएम बैच 2023–25 का 16वाँ दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया। समारोह के मुख्य अतिथि राजेश सिन्हा, प्रबंध निदेशक, जॉन डियर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रहे।
समारोह का शुभारंभ शैक्षणिक शोभायात्रा (Academic Procession) एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जीएल बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी स्नातक विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने नवस्नातकों का जीएल बजाज के सशक्त एलुमनाई परिवार में स्वागत करते हुए बताया कि संस्थान के एलुमनाई चैप्टर लंदन, दुबई तथा देश के विभिन्न शहरों में सक्रिय हैं, जो विद्यार्थियों को वैश्विक नेटवर्किंग एवं करियर विकास के उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि राजेश सिन्हा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और उत्तरदायित्वों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि “नेतृत्व किसी पद या उपाधि का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में मजबूत मूल्य प्रणाली (Value System) को अपनाएं, क्योंकि उद्योग जगत को केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट कौशल, नैतिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण वाले पेशेवरों की आवश्यकता है।
संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, उद्योग-अकादमिक सहभागिता, शोध, प्लेसमेंट, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा विद्यार्थियों की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान पीजीडीएम बैच 2023–25 के विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से डिप्लोमा प्रदान किए गए। साथ ही शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्नेहा प्रज्वल को स्वर्ण पदक, जया को रजत पदक तथा अखिल कुमार को कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से अभिनंदन किया।
समारोह का समापन डॉ. भावना भारद्वाज द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। दीक्षांत समारोह स्नातक विद्यार्थियों और उनके परिजनों के लिए अत्यंत भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा। औपचारिक कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों ने डीजे संगीत और रात्रिभोज के साथ अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।