ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और RWA मिलकर सुलझाएंगे सेक्टरों की समस्याएं

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/07/2026): ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों में निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण के अधिकारी और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि नियमित रूप से बैठक करेंगे। प्राधिकरण की टीम इन बैठकों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. की ओर से प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में एक टीम गठित कर बैठकों की तिथियां निर्धारित करते हुए शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

शनिवार को पहली बैठक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए तथा नेफोवा-नेफोमा के प्रतिनिधियों के साथ दो पालियों में आयोजित की गई। प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में महाप्रबंधक ए.के. सिंह, उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक तथा उद्यान, जल-सीवर एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक में आवासीय सेक्टरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सेक्टरवासियों की शिकायतें सुनते हुए उनके समयबद्ध समाधान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। सड़क एवं सेक्टरों में कूड़े की सफाई, नालियों एवं ड्रेनेज की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों की मरम्मत से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।

फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, आलोक नागर एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि कई सेक्टरों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों की शीघ्र मरम्मत की मांग भी की गई।

बैठक में आवारा कुत्तों की समस्या पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने निर्धारित स्थानों पर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने का सुझाव दिया। इस पर प्रधान महाप्रबंधक ने संबंधित विभाग को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, सेक्टरों के पार्कों में नियमित साफ-सफाई एवं अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने फेडरेशन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।

प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि सेक्टरों के प्रवेश द्वार पर तैनात गार्ड अथवा निवासियों की उपस्थिति में फॉगिंग कराई जाएगी। फॉगिंग पूरी होने के बाद निवासियों से हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे। इसी प्रकार साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई एवं अन्य कार्य पूरे होने के बाद भी निवासियों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। सड़कों एवं ग्रीन बेल्ट की सफाई चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी।

शनिवार को ही नेफोमा-नेफोवा के साथ एक अन्य बैठक आयोजित की गई, जिसमें नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान, उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी तथा रश्मि पांडेय ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम, क्षतिग्रस्त सड़कों, अतिक्रमण आदि समस्याओं को उठाया। प्राधिकरण की ओर से इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।