जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके पर स्याही फेंके जाने से हंगामा, कौन है महिला ?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 July 2026): जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी। यह घटना उस समय हुई जब सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद अभिजीत दीपके अनशन पर बैठे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्याही फेंकने वाली महिला की पहचान बरखा त्रेहन के रूप में बताई जा रही है। बरखा खुद को पुरुष अधिकारों (Men’s Rights) की एक्टिविस्ट बताती हैं और ‘पुरुष आयोग’ नामक संगठन की संस्थापक हैं। वह लंबे समय से जेंडर-न्यूट्रल कानूनों और पुरुषों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती रही हैं। सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर भी वह कई विवादित विषयों पर मुखर रही हैं।

बरखा त्रेहन पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं। पिछले वर्ष उन्होंने उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी करार दिए गए पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत और सजा निलंबन के अधिकार के मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से समर्थन दिया था। उस दौरान उन्होंने अदालत के आदेश का सम्मान करने की बात कही थी और इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी से बचने की अपील की थी। उनके इस रुख को लेकर उस समय भी काफी विवाद हुआ था।

शनिवार की घटना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरखा त्रेहन अचानक मंच के पास पहुंचीं और अभिजीत दीपके पर स्याही फेंक दी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने तत्काल उन्हें हिरासत में लेकर मौके से बाहर निकाला। हिरासत में ले जाते समय बरखा ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई है। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

वहीं, स्याही फेंके जाने के बाद भी अभिजीत दीपके शांत रहे। उन्होंने कहा कि नीला रंग उनका पसंदीदा रंग है और इसके बाद “जय भीम” का नारा लगाया। घटना के बाद जंतर-मंतर पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया। सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब सोनम वांगचुक को बिगड़ती तबीयत के चलते दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद अभिजीत दीपके ने अनशन शुरू किया था। इसी दौरान हुई स्याही फेंकने की घटना ने पूरे विरोध प्रदर्शन को नया मोड़ दे दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।