‘3 इडियट्स’ और सोनम वांगचुक को लेकर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- रैंचो का किरदार उनसे प्रेरित नहीं
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (17 जुलाई 2026): अभिनेता आमिर खान ने आखिरकार शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ में उनका चर्चित किरदार ‘रैंचो’ सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। साथ ही उन्होंने वांगचुक की सेहत पर चिंता जताते हुए उनसे अपना अनशन समाप्त करने की अपील भी की।
लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ‘लगान’ की विशेष स्क्रीनिंग के बाद मीडिया और दर्शकों से बातचीत के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक और उनके जारी अनशन को लेकर सवाल पूछा गया। इस दौरान उन्होंने वर्षों से चली आ रही उस धारणा को भी खारिज किया, जिसमें कहा जाता रहा है कि ‘3 इडियट्स’ का मुख्य किरदार वांगचुक के व्यक्तित्व पर आधारित था।
आमिर खान ने कहा कि जब फिल्म का निर्माण हो रहा था, तब उन्हें और फिल्म की टीम को सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी भी उस समय वांगचुक से परिचित नहीं थे। आमिर के अनुसार, यह धारणा एक गलतफहमी है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा के क्षेत्र में बेहद सराहनीय कार्य कर रहे हैं और उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता व्यक्त करते हुए आमिर खान ने कहा कि देशभर के लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत के जरिए समाधान निकले और वांगचुक अपना अनशन समाप्त करें।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनके समर्थन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ फिल्म जगत की कई हस्तियां भी खुलकर सामने आ चुकी हैं। इससे पहले ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी वांगचुक के समर्थन में बयान दिया था और उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई थी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।