भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू,जानिए रूट, स्पीड, क्षमता और इसकी सबसे बड़ी खूबियां

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17 July 2026): भारत ने हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को हरियाणा के जींद से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिलहाल यह ट्रेन उत्तरी रेलवे के दिल्ली मंडल के अंतर्गत जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलेगी। करीब 89 किलोमीटर लंबे इस रूट पर चलने वाली यह ट्रेन स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन की नई शुरुआत मानी जा रही है और भारतीय रेलवे की ग्रीन मोबिलिटी योजना का अहम हिस्सा है।

यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भांबेवा, ईशापुर खेरी, बुटाना, खंदराय, गोहाना, राभड़ा, लाठ, मोहना और बड़वासनी शामिल हैं। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसमें 10 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 ड्राइविंग पावर कोच और 8 यात्री कोच हैं। यह ट्रेन एक बार में करीब 2,600 यात्रियों को लेकर चल सकती है, जो इसे दुनिया की सबसे अधिक यात्री क्षमता वाली हाइड्रोजन ट्रेन बनाती है। साथ ही इसे दुनिया का सबसे लंबा हाइड्रोजन ट्रेनसेट और ब्रॉडगेज पर चलने वाला सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन भी बताया जा रहा है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन 1200 किलोवाट क्षमता वाले हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रोपल्शन सिस्टम से संचालित होगी। इसे डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (DEMU) रेक को संशोधित कर तैयार किया गया है। इसमें ऊर्जा का मुख्य स्रोत प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (PEM) फ्यूल सेल होगा, जबकि अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत के समय बैटरी बैंक सहायता करेगा। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक में रासायनिक प्रक्रिया से बिजली उत्पन्न होती है और उत्सर्जन के रूप में केवल पानी की भाप निकलती है, जिससे यह डीजल ट्रेनों की तुलना में कहीं अधिक पर्यावरण-अनुकूल और प्रदूषण मुक्त मानी जाती है।

ट्रेन के संचालन के लिए हरियाणा के जींद में आधुनिक हाइड्रोजन स्टोरेज और रीफ्यूलिंग स्टेशन बनाया गया है। इस सुविधा को पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) से लाइसेंस प्राप्त है। यहां हाइड्रोजन गैस के सुरक्षित भंडारण, वितरण और रीफ्यूलिंग के साथ-साथ गैस रिसाव की निगरानी के लिए अत्याधुनिक सेंसर, सुरक्षा उपकरण और विशेष निगरानी टीम तैनात की गई हैं, ताकि ट्रेन का संचालन पूरी तरह सुरक्षित तरीके से हो सके।

हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के साथ भारत अब जर्मनी, जापान, चीन, अमेरिका और स्विट्जरलैंड जैसे देशों की उस सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन आधारित ट्रेनें संचालित हो रही हैं। भारतीय रेलवे का मानना है कि यह पहल भविष्य में कार्बन उत्सर्जन कम करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आधुनिक रेल परिवहन प्रणाली विकसित करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।