ABMU के दीक्षांत समारोह में ITS डेंटल कॉलेज की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/07/2026): अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) के द्वितीय दीक्षांत समारोह में आईटीएस डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, ग्रेटर नोएडा की छात्राओं ने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करते हुए संस्थान का गौरव बढ़ाया। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस समारोह में कॉलेज की तीन मेधावी छात्राओं को दो स्वर्ण और एक रजत पदक से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विजेता छात्राओं को पदक प्रदान किए, जिसके बाद पूरे संस्थान में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

15 जुलाई 2026 को आयोजित इस दीक्षांत समारोह में चिकित्सा, दंत चिकित्सा, पैरामेडिकल एवं अन्य संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदकों से सम्मानित किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित देवगन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी पदक सूची के अनुसार एमडीएस (ऑर्थोडॉन्टिक्स एवं डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स) विषय में डॉ. आस्था वर्मा और डॉ. लालनुनपुई पाउटू को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। वहीं एमडीएस (प्रोस्थोडॉन्टिक्स एंड क्राउन एंड ब्रिज) विषय में डॉ. नम्रता अग्रवाल को रजत पदक से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि छात्राओं के समर्पण, कठिन परिश्रम और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने पदक विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आईटीएस डेंटल कॉलेज विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान आधारित शिक्षण प्रणाली और बेहतर क्लिनिकल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न एमडीएस विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है और इस वर्ष संस्थान के तीन विद्यार्थियों का दो स्वर्ण तथा एक रजत पदक हासिल करना पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। यह सम्मान आने वाले विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने भी पदक विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल दक्ष दंत चिकित्सकों को तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे संवेदनशील, नैतिक और समाज के प्रति उत्तरदायी चिकित्सकों का निर्माण करना है जो स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि संस्थान की अकादमिक उत्कृष्टता को दर्शाती है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

कॉलेज के शिक्षकों और स्टाफ ने भी सभी पदक विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।