दिल्ली सरकार के कर्मचारियों को NCMC कार्ड पर मिलेगा अतिरिक्त लाभ, 28 जगहों पर शुरू होंगे विशेष शिविर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 July 2026): दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने घोषणा की है कि नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) का उपयोग करने वाले कर्मचारियों को परिवहन भत्ते पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों को अपने मासिक परिवहन भत्ते का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा NCMC कार्ड की खरीद या रिचार्ज पर खर्च करना होगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में आवश्यक आदेश भी जारी कर दिए हैं।

सरकार की ओर से इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 16 जुलाई से 29 जुलाई तक राजधानी के 28 सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में कर्मचारियों को NCMC कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे और कार्ड बनवाने तथा रिचार्ज से जुड़ी सुविधाएं भी दी जाएंगी। शिविर लोक नायक अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, दिल्ली सचिवालय, विभिन्न शिक्षा निदेशालयों, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, व्यापार एवं कर विभाग, दिल्ली फायर सर्विस, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।

दिल्ली सरकार का कहना है कि यह पहल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और नकदी रहित डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का मानना है कि अधिक से अधिक कर्मचारी मेट्रो, डीटीसी बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के लिए NCMC कार्ड का इस्तेमाल करेंगे, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ यातायात और प्रदूषण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

सरकार के अनुसार यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील के अनुरूप लिया गया है। योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को निर्धारित शर्त पूरी करने पर उनके स्वीकार्य परिवहन भत्ते का 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। दिल्ली सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से कर्मचारियों के बीच NCMC कार्ड का उपयोग तेजी से बढ़ेगा और राजधानी में डिजिटल एवं एकीकृत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।