पावर डिस्कॉम जांच की मांग से बौखलाए केजरीवाल: भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (5 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि जब से भाजपा ने दिल्ली सरकार और पावर डिस्कॉम बीएसईएस की कथित सांठगांठ का मुद्दा उठाया है और इनकी जांच की मांग की है, तब से अरविंद केजरीवाल बौखलाए हुए हैं। सचदेवा ने कहा कि भाजपा की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर वह सत्ता में आती है तो बिजली सब्सिडी बंद नहीं होगी, बल्कि इसे मध्यम वर्ग तक भी विस्तारित किया जाएगा।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा की “सेवा सरकार” बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में दिल्ली सरकार और बीएसईएस पावर डिस्कॉम की सतर्कता जांच का आदेश दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को लूटने में दिल्ली सरकार और बीएसईएस के बीच गहरी सांठगांठ है और भाजपा सरकार इस लूट का जवाब लेगी।
सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले तक वे आरोप लगाते थे कि भाजपा सरकार बनने पर बिजली सब्सिडी समाप्त कर देगी। लेकिन जब भाजपा ने साफ कर दिया कि सब्सिडी बंद नहीं होगी, तो अब केजरीवाल “अडानी को पावर डिस्कॉम सौंपने” की नई कहानी गढ़ने लगे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह विडंबना है कि 2015 तक अरविंद केजरीवाल बीएसईएस के हर खाते में घोटाले का आरोप लगाते थे, लेकिन आज वही केजरीवाल बीएसईएस के समर्थन में खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसईएस विभिन्न सरचार्जों के माध्यम से जनता से अवैध वसूली कर रही है और केजरीवाल सरकार इसमें मूकदर्शक बनी हुई है।
सचदेवा ने दावा किया कि दिल्ली की जनता फरवरी 2025 में भाजपा की “सेवा सरकार” बनाने का मन बना चुकी है। भाजपा सत्ता में आने के बाद जनहित में कई निर्णय लेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।