नोएडा के मामूरा में ई-व्हीकल बैटरी चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग, दो की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (15/07/2026): नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक चार मंजिला आवासीय भवन में इलेक्ट्रिक वाहन (ई-व्हीकल) की बैटरी चार्जिंग के दौरान लगी आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग लगने से पूरे भवन में धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। फायर सर्विस और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भवन में फंसे करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि हादसे में दम घुटने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा स्थित गली नंबर-2 में जी-4 श्रेणी के एक भवन के ग्राउंड फ्लोर पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान बैटरी में स्पार्किंग हुई, जिसके चलते वहां आसपास खड़े पेट्रोल चालित वाहनों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर धुएं से भर गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग ने तत्काल सात फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को मौके पर रवाना किया। स्थानीय पुलिस भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। संयुक्त अभियान के दौरान भवन में रहने वाले लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की हालत गंभीर हो गई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।

ई-व्हीकल बैटरी चार्जिंग

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भवन के मालिक/लीजधारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इस घटना के बाद बहुमंजिला इमारतों में इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों की सुरक्षित चार्जिंग व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने के संकेत दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।