Bharat Tex 2026 का भव्य आगाज़: भारत वैश्विक टेक्सटाइल हब बनने की ओर अग्रसर

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (15 जुलाई 2026): केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारत टेक्स 2026 का उद्घाटन किया। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह देश का सबसे बड़ा वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन है, जिसमें इस वर्ष 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक हिस्सा ले रहे हैं। 16 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैले इस मेगा एक्सपो में 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शमी राव, भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) के अध्यक्ष नरेन गोयनका, सह-अध्यक्ष भद्रेश दोदिया, बीटीटीएफ सदस्य डॉक्टर राकेश कुमार, विभिन्न राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैश्विक खरीदार, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और कई देशों के प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहे। रूस और न्यूजीलैंड के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी ने इस आयोजन की बढ़ती वैश्विक पहचान को और मजबूत किया।

भारत टेक्स 2026 में मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु सहित आठ प्रायोजक राज्यों के अलावा नौ अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भी अपने औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश संभावनाओं और टेक्सटाइल क्षमताओं का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान विभिन्न राज्यों के लिए विशेष स्टेट इन्वेस्टर कनेक्ट और पीएम मित्रा मास्टर डेवलपर सेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना है।

चार दिवसीय इस आयोजन में 20 से अधिक देशों के 350 से ज्यादा वक्ता भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान भारत-अमेरिका कॉटन पार्टनरशिप, भारत-न्यूजीलैंड वूल इकोसिस्टम, भारत-यूके एफटीए, जापान और रूस के साथ विशेष द्विपक्षीय व्यापारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक और संयुक्त राष्ट्र तथा यूरोपीय संघ जैसी संस्थाओं की भी भागीदारी देखने को मिल रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केवल तीन संस्करणों में ही भारत टेक्स वैश्विक स्तर पर ट्रेड, निवेश, नवाचार और नीति संवाद का प्रमुख मंच बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विजन—Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion और Fashion to Foreign का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत टेक्स भारतीय उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और भारत को विश्वसनीय टेक्सटाइल सोर्सिंग डेस्टिनेशन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

समारोह के दौरान भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) और विश्व प्रसिद्ध टेक्सटाइल एवं फैशन सोर्सिंग प्लेटफॉर्म Première Vision Paris के बीच एक लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच नवाचार, डिजाइन, सस्टेनेबिलिटी, निर्यात संवर्धन और वैश्विक बाजार तक पहुंच को मजबूत करना है। इससे भारतीय एमएसएमई, निर्यातकों और डिजाइनरों को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे।

भारत टेक्स 2026 के दौरान 100 से अधिक नॉलेज सेशंस, 39 पैनल चर्चा, 16 राउंडटेबल, 37 मास्टरक्लास और 8 स्टेट सेशंस आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 4,000 से अधिक बी2बी और 100 से अधिक बी2जी बैठकें तथा 30 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। आयोजन में CITI Textile Sustainability Awards 2026 के माध्यम से सस्टेनेबल और जिम्मेदार व्यावसायिक प्रथाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

14 से 17 जुलाई तक चलने वाला भारत टेक्स 2026 भारत की संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन को एक मंच पर लाते हुए देश को वैश्विक टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग और सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार, उद्योग, निवेशकों, खरीदारों और नवाचारकर्ताओं की व्यापक भागीदारी के साथ यह आयोजन ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को गति देने का भी माध्यम बनेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।