NOFAA ने DM मेधा रूपम के सामने उठाए हाईराइज सोसायटियों के अहम मुद्दे, EV चार्जिंग नीति पर बनी सहमति

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/07/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज आवासीय सोसायटियों से जुड़े विभिन्न नागरिक एवं प्रशासनिक मुद्दों को लेकर नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशंस (NOFA) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात की। इस दौरान हाईराइज सोसायटियों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग व्यवस्था के लिए एक समान और सुरक्षित नीति तैयार करने की आवश्यकता पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

बैठक में नोफा की ओर से बताया गया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या के साथ पुरानी और नई दोनों तरह की हाईराइज सोसायटियों में ईवी चार्जिंग से जुड़े कई तकनीकी, सुरक्षा और प्रशासनिक सवाल सामने आ रहे हैं। ऐसे में सभी सोसायटियों के लिए स्पष्ट और एकरूप दिशा-निर्देश तैयार किए जाना समय की आवश्यकता है।

नोफा के महासचिव सुरोजीत दासगुप्ता ने जिलाधिकारी को सुझाव दिया कि जिला प्रशासन के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, विद्युत वितरण कंपनियों तथा अन्य संबंधित विभागों को शामिल करते हुए एक संयुक्त कार्य समिति (जॉइंट वर्किंग कमेटी) का गठन किया जाए। यह समिति हाईराइज सोसायटियों में ईवी चार्जिंग की स्थापना, सुरक्षा मानकों, विद्युत भार प्रबंधन और संचालन संबंधी व्यावहारिक दिशा-निर्देश तैयार कर सकती है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस विषय पर संयुक्त कार्य समिति के गठन को लेकर प्रशासन स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है और सभी संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सुरोजीत दासगुप्ता ने कहा कि पिछले एक वर्ष से नोफा इस विषय को जिला प्रशासन के समक्ष लगातार उठा रहा है। उनका कहना था कि कई पुरानी हाईराइज सोसायटियों में ईवी चार्जिंग की सुविधा को लेकर अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) और निवासियों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है। यदि प्रशासन जल्द स्पष्ट और समान नीति लागू करता है तो ऐसे विवादों में कमी आएगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद नोफा प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त) अजीत सिंह से भी भेंट की। इस बैठक में हाईराइज सोसायटियों से जुड़े अन्य नागरिक सुविधाओं, प्रशासनिक समन्वय और विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नोफा के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने दोनों बैठकों को सकारात्मक और परिणामोन्मुख बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने हाईराइज सोसायटियों के निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और नोफा के बीच बेहतर समन्वय से ऐसे व्यावहारिक समाधान तैयार किए जाएंगे, जिनका लाभ नोएडा और ग्रेटर नोएडा की लाखों अपार्टमेंट आबादी को मिलेगा।

नोफा का मानना है कि ईवी चार्जिंग के लिए स्पष्ट नीति और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय भविष्य में हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विवाद-मुक्त इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।