दिल्ली में विदेशी मुद्रा लूटकांड का खुलासा, मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (14 July 2026): दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला (ईस्ट डिस्ट्रिक्ट) की पांडव नगर थाना पुलिस ने विदेशी मुद्रा लूट के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर एक फॉरेक्स कंपनी से संपर्क किया और विदेशी मुद्रा की डिलीवरी के लिए कर्मचारी को मधु विहार इलाके में बुलाया। जैसे ही कर्मचारी करीब 9.79 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा लेकर मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने उस पर चिली स्प्रे से हमला कर विदेशी मुद्रा लूट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद पांडव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार की गई छानबीन और गहन जांच के बाद दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 1100 यूरो की विदेशी मुद्रा भी बरामद कर ली है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूरी साजिश पहले से रची थी और फर्जी पहचान के जरिए फॉरेक्स कंपनी को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।