कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026: आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (14 July 2026): राजधानी दिल्ली के होटल ललित में मंगलवार को कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ (Official Mascot) का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद सहित कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, शिक्षा विभाग तथा खेल जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह केवल आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ के अनावरण का अवसर नहीं है, बल्कि दिल्ली के खेल भविष्य के लिए एक नई दृष्टि के उद्घाटन का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि भविष्य में भारत की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ और वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए आशीष सूद ने कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद खिलाड़ियों, खेल संस्कृति और खेल पारिस्थितिकी तंत्र को निरंतर प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाली कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में 25 कॉमनवेल्थ देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय खेल जगत की निगाहें दिल्ली पर होंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता दिल्ली के लिए अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी की दिशा में एक नई शुरुआत है।

आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भविष्य के कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप तथा अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए राजधानी को तैयार कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि एक मजबूत और विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां किसी भी परिवार का बच्चा यदि खिलाड़ी बनने का सपना देखे, तो उसे विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, खेल विज्ञान और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस दौरान मंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करेगी। इन केंद्रों में तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये सेंटर केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने वाली मजबूत खेल पाइपलाइन साबित होंगे।

आशीष सूद ने कहा कि आज दिल्ली कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रही है और भविष्य में यही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करेंगे, जो कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप जैसे मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का गौरव बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप का आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प, खेल भावना और भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। भारतीय परंपरा में मयूर गौरव, ऊर्जा और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है। यह शुभंकर दुनिया भर से दिल्ली आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ-साथ युवाओं को भारतीय मूल्यों और वैश्विक उत्कृष्टता का संदेश भी देगा।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षा एवं खेल मंत्री ने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों और सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली भविष्य में विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करने के साथ-साथ चैंपियन खिलाड़ियों को तैयार करने वाली भारत की वास्तविक खेल राजधानी के रूप में स्थापित होगी।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने तथा दिल्ली को एक प्रमुख खेल राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।