ग्रेटर नोएडा वेस्ट: अजनारा इंटेग्रिटी की 9वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/07/2026): बिसरख थाना क्षेत्र की अजनारा इंटेग्रिटी सोसायटी मे देर रात एक दर्दनाक हादसे में 9वीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। शुरुआती पुलिस जांच, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दुर्घटनावश गिरने का माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना से पहले युवक अपने परिचित के साथ शराब का सेवन कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक जांच पूरी कर मामले का निस्तारण कर दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विक्टर उर्फ मिक्की के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तमिलनाडु का निवासी था। वह गाजियाबाद के गोविंदपुरम में रहकर संगीत की पढ़ाई कर रहा था और विभिन्न गायन कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेता था। उसने कविनगर क्षेत्र के चिरंजीव विहार में किराये पर आवास लिया हुआ था। उसकी मित्रता केरल निवासी रिंकू से थी, जिससे वह अक्सर संपर्क में रहता था।

जांच में सामने आया कि शनिवार रात विक्टर अपने दोस्त रिंकू के साथ अजनारा इंटेग्रिटी सोसायटी स्थित एक फ्लैट में मौजूद था। दोनों ने वहां बैठकर शराब पी थी। इसके बाद रात करीब 11:40 बजे दोनों फ्लैट से बाहर निकले। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों नशे की हालत में असंतुलित कदमों से चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान विक्टर अचानक 9वीं मंजिल से नीचे गिर गया। लगभग 90 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हैरानी की बात यह रही कि घटना देर रात हुई, लेकिन इसकी जानकारी कई घंटे तक किसी को नहीं लगी। रविवार सुबह करीब 8 बजे सोसायटी के सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों ने परिसर में खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसा देर रात हुआ था तो किसी को गिरने की आवाज क्यों नहीं सुनाई दी और कई घंटे तक शव खुले परिसर में कैसे पड़ा रहा। इस पहलू को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।

एसीपी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की है। अब तक की जांच में यह मामला नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से हुए हादसे का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने मामले का निस्तारण कर दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।