ग्रेटर नोएडा के कोचिंग सेंटरों पर सख्ती: फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/09/2026): ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग सेंटरों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार से विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर में संचालित 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप उनकी स्थापना की जांच की। टीम को कुछ कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त और मानकों के अनुरूप इंतजाम मिले, जबकि कई संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण या तो अधूरे पाए गए या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले।

संयुक्त निरीक्षण दल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर अधिकारी विनोद पांडेय तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे। अधिकारियों ने जिन कोचिंग संस्थानों में कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल आवश्यक अग्निशमन उपकरण स्थापित करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के सभी कोचिंग सेंटरों को 15 दिनों के भीतर फायर सेफ्टी संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीलक्ष्मी वीएस ने भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान चलाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोचिंग सेंटरों को दी गई 15 दिन की मोहलत आगामी सोमवार को समाप्त हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार से निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। जिन संस्थानों में अभी भी कमियां हैं, उन्हें सोमवार तक सभी फायर सेफ्टी उपकरण मानकों के अनुरूप स्थापित करने का अंतिम अवसर दिया गया है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोमवार के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि किसी भी कोचिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों का उल्लंघन या आवश्यक उपकरणों की कमी पाई गई, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जा सकता है।

प्राधिकरण का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।