यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर ग्रामीणों ने जताई चिंता, पहुंचे थाने
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (11/07/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित सुपरटेक गोल्फ कंट्री में रह रहे कुछ विदेशी नागरिकों को लेकर शनिवार को आसपास के गांवों के ग्रामीण रघुपुरा थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रह रहे कुछ विदेशी नागरिकों की कथित गतिविधियों से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
टेन न्यूज नेटवर्क से टेलिफोनिक बातचीत में शिकायतकर्ता संदीप ने बताया कि ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि सुपरटेक गोल्फ कंट्री में किराये पर रह रहे कुछ विदेशी नागरिक कथित रूप से बड़े स्तर पर अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में भी पंजाब पुलिस द्वारा यहां से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव के बच्चे जब स्कूल आते-जाते हैं तो कुछ विदेशी नागरिक उनका पीछा करते हैं और वाहनों से उन्हें परेशान करते हैं। इसके अलावा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार तथा गलत नियत रखने के भी आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई विदेशी नागरिकों के दस्तावेज संदिग्ध हैं तथा कुछ के पास वैध दस्तावेज नहीं होने की आशंका है। साथ ही, उनके द्वारा पुराने वाहनों के इस्तेमाल का भी जिक्र किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है और भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
सभी विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए।
कथित अवैध नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से रह रहा हो या किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाया जाए तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन पर संदीप, साहबाज, विकल सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होते ही उसे समाचार में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
नोट: इस समाचार में उल्लिखित आरोप ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दिए गए ज्ञापन और शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।