ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गरबा के दौरान भारी हंगामा! थार सवार आरोपियों ने मचाया तांडव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (20/10/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्पायर सोसाइटी में गरबा कार्यक्रम के दौरान विवाद और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि, चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे करीब 10 लोगों ने पार्किंग नियमों का उल्लंघन किया और कार्यक्रम में शामिल महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सोसाइटी के निवासियों को धमकाया। मामले में बिसरख थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की रात की है, जब सोसाइटी परिसर में गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान चार गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े कर दिए। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ बदसलूकी की। जब सोसाइटी के लोगों ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ लोग शराब के नशे में थे और उन्होंने निवासियों को जान से मारने की धमकी दी।
सोसाइटी के सिक्योरिटी ऑफिसर विश्वास कुमार सिंह के मुताबिक, विवाद के बाद जब संबंधित लोगों को परिसर से बाहर जाने के लिए कहा गया, तो वे अपनी गाड़ियों में बैठकर निकलने लगे। इसी दौरान एक थार चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार से वाहन चलाया। गार्ड और अन्य निवासियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन से उन्हें कुचलने की कोशिश की। आरोप है कि थार सवार लोग सोसाइटी के गेट नंबर-2 पर लगे बैरियर को तोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर बिसरख थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बिसरख थाना पुलिस के अधिकारियों से टेलिफोनिक बातचीत के माध्यम से जानकारी मिली कि, मामले में अभी अन्य आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, बाकी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। (पुलिस अधिकारी ने बातचीत के दौरान अपना नाम नहीं बताया।)।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।