नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा की ऐतिहासिक जीत, क्या बनेंगे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री?
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (08 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव में सबसे हॉट और वीआईपी सीट मानी जा रही नई दिल्ली विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4,000 से अधिक मतों से शिकस्त दी। इस चुनाव में कुल 23 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच रहा। कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप दीक्षित तीसरे स्थान पर रहे।
नई दिल्ली सीट पर क्यों था सियासी घमासान?
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर हमेशा से ही जबरदस्त राजनीतिक मुकाबला देखने को मिलता रहा है। इस सीट से जीतने वाला प्रत्याशी अक्सर दिल्ली का मुख्यमंत्री बनता आया है। 1998 से लेकर 2020 तक नई दिल्ली सीट (या पहले गोल मार्केट सीट) से जीतने वाले प्रत्याशी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसी वजह से इस बार भी बीजेपी के प्रवेश वर्मा को संभावित सीएम फेस के रूप में देखा जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल का किला ढहाने में सफल रहे प्रवेश वर्मा
अरविंद केजरीवाल ने 2013, 2015 और 2020 में लगातार तीन बार इस सीट से जीत दर्ज कर दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन इस बार प्रवेश वर्मा ने उन्हें हराकर बीजेपी को इस प्रतिष्ठित सीट पर जीत दिलाई है। यह बीजेपी के लिए एक बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में बीजेपी ने सेंध लगा दी है।
गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात, क्या बनेंगे सीएम?
नई दिल्ली सीट से जीतने वाले प्रत्याशी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की परंपरा को देखते हुए प्रवेश वर्मा को संभावित सीएम उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। जीत के बाद उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या बीजेपी उन्हें दिल्ली का नया मुख्यमंत्री बनाएगी या फिर किसी अन्य नेता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
नई दिल्ली विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास
दिल्ली में 1993 से लेकर अब तक जिन उम्मीदवारों ने इस सीट से जीत दर्ज की, उनकी पार्टी ने सरकार बनाई है। आइए, नजर डालते हैं इस सीट के चुनावी इतिहास पर:
•1993: कीर्ति आजाद, भाजपा (गोल मार्केट विधानसभा सीट)
•1998: शीला दीक्षित, कांग्रेस (गोल मार्केट विधानसभा सीट)
•2003: शीला दीक्षित, कांग्रेस (गोल मार्केट विधानसभा सीट)
•2008: शीला दीक्षित, कांग्रेस (नई दिल्ली विधानसभा सीट)
•2013: अरविंद केजरीवाल, आप (नई दिल्ली विधानसभा सीट)
•2015: अरविंद केजरीवाल, आप (नई दिल्ली विधानसभा सीट)
•2020: अरविंद केजरीवाल, आप (नई दिल्ली विधानसभा सीट)
•2025: प्रवेश वर्मा, भाजपा (नई दिल्ली विधानसभा सीट)
इस रिकॉर्ड को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी भी इसी परंपरा को कायम रख सकती है और प्रवेश वर्मा को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बना सकती है।
सीएम बदलने पर पार्टी की हार का ट्रेंड!
दिल्ली की राजनीति में एक और दिलचस्प पैटर्न देखने को मिला है, अगर किसी पार्टी ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदला, तो उसे सत्ता से हाथ धोना पड़ा। इस बार भी यही हुआ। आम आदमी पार्टी ने चुनाव से ठीक साढ़े चार महीने पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आतिशी मार्लेना को कार्यवाहक मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
ठीक ऐसा ही 1998 में हुआ था, जब बीजेपी ने चुनाव से पहले साहेब सिंह वर्मा को हटाकर सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था। चुनाव में जनता ने बीजेपी को सत्ता से बाहर कर दिया और कांग्रेस की शीला दीक्षित मुख्यमंत्री बनीं।
क्या बीजेपी तोड़ेगी परंपरा या निभाएगी सिलसिला?
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी भी उसी परंपरा को निभाएगी, जिसके तहत नई दिल्ली सीट से जीतने वाले को मुख्यमंत्री बनाया जाता रहा है, या फिर किसी अन्य सीट से विजयी प्रत्याशी को मुख्यमंत्री पद सौंपेगी? बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की बैठकों और अमित शाह से प्रवेश वर्मा की मुलाकात के बाद जल्द ही इस पर फैसला लिया जा सकता है।
बहरहाल, प्रवेश वर्मा की जीत ने दिल्ली की राजनीति को पूरी तरह से बदल दिया है और अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि बीजेपी दिल्ली में किसे मुख्यमंत्री बनाकर आगे की रणनीति तैयार करती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।