एनडीएमसी ने लॉन्च की ‘वेस्ट वाइज़ सिटिज़न्स’ पुस्तिका, घर-घर पहुंचेगी ‘RRR on Wheels’ सेवा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (9 जुलाई 2026) : नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजधानी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘वेस्ट वाइज़ सिटिज़न्स – ए प्रैक्टिकल गाइड टू मेकिंग द सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) रूल्स, 2026 पार्ट ऑफ आवर डेली लाइव्स’ नामक नागरिक जागरूकता पुस्तिका का विमोचन किया। इसके साथ ही पुनर्चक्रण योग्य कचरे के घर-घर संग्रहण के लिए ‘RRR on Wheels’ वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

एनडीएमसी मुख्यालय के एनडीसीसी फेज-2 स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, चिंतन एनवायरनमेंटल रिसर्च एंड एक्शन ग्रुप के प्रतिनिधि, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTA), शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, बल्क वेस्ट जनरेटर्स (BWG) और अन्य हितधारक मौजूद रहे।

स्रोत पर कचरे का पृथक्करण सबसे महत्वपूर्ण: केशव चंद्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि ‘वेस्ट वाइज़ सिटिज़न्स’ पुस्तिका ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को सरल और व्यवहारिक भाषा में समझाने का प्रयास है, ताकि प्रत्येक नागरिक इन्हें अपने दैनिक जीवन में अपना सके। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की शुरुआत घर, कार्यालय और संस्थानों में स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण से होती है।

उन्होंने कहा कि प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नागरिकों और नगर निकाय की साझा जिम्मेदारी आवश्यक है। जहां नागरिकों को गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष श्रेणी के कचरे को अलग-अलग करना होगा, वहीं नगर निकाय को उनके वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग को सुनिश्चित करना होगा।

*‘अनुपम कॉलोनी’, ‘नेकी की दीवार’ और RRR सेंटर का किया उल्लेख*

केशव चंद्रा ने एनडीएमसी की ‘अनुपम कॉलोनी’, ‘नेकी की दीवार’ और आरआरआर सेंटर जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों से कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिला है। उन्होंने RWA, व्यापारिक संगठनों और गैर-सरकारी संस्थाओं से अपशिष्ट प्रबंधन को जनआंदोलन बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।

*क्या है ‘वेस्ट वाइज़ सिटिज़न्स’ पुस्तिका?*

चिंतन एनवायरनमेंटल रिसर्च एंड एक्शन ग्रुप की निदेशक भारती चतुर्वेदी ने बताया कि हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में प्रकाशित यह पुस्तिका नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों से परिचित कराएगी।

पुस्तिका में गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल श्रेणी के कचरे के पृथक्करण की विस्तृत जानकारी दी गई है। इसके अलावा कम्पोस्टिंग, विकेन्द्रीकृत कचरा प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण, ई-वेस्ट, प्लास्टिक, बैटरी, घरेलू खतरनाक कचरा, वस्त्र, धातु और अन्य अपशिष्टों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विस्तृत मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया है।

*घर-घर पहुंचेगी ‘RRR on Wheels’ सेवा*

कार्यक्रम के दौरान एनडीएमसी ने ‘RRR on Wheels’ सेवा की शुरुआत भी की। इस पहल के तहत अब पुनर्चक्रण योग्य सामग्री, ई-वेस्ट, पुराने कपड़े और अन्य सूखे कचरे का संग्रह सीधे नागरिकों के घरों से किया जाएगा। यह सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी होगी जो कचरे का पृथक्करण तो करते हैं, लेकिन उसे आरआरआर सेंटर तक नहीं पहुंचा पाते।

एनडीएमसी के अनुसार, यह पहल शहर में पहले से संचालित आठ माइक्रो मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MMRF) सह आरआरआर केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं तक कचरे को पहुंचाने में मदद करेगी।

*सर्कुलर इकोनॉमी और ज़ीरो वेस्ट अभियान को मिलेगा बढ़ावा*

एनडीएमसी और चिंतन की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य शहर में Reduce, Reuse, Recycle (RRR) मॉडल को मजबूत करना, संसाधनों की पुनर्प्राप्ति बढ़ाना और लैंडफिल पर निर्भरता कम करना है। इसके साथ ही प्रशिक्षित कचरा संग्रहकर्ताओं को औपचारिक पहचान और आजीविका योजनाओं से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाया जाएगा।

एनडीएमसी का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली मिलकर राजधानी को स्वच्छ, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।