Noida News (09/07/20 26):राष्ट्रपिता महात्मा गांधी कहते हैं, “स्वयं को खोजने का सबसे अच्छा तरीका है, स्वयं को दूसरों की सेवा में खो देना।” अपने और अपने परिवार के लिए तो हर कोई जीता है, लेकिन जो व्यक्ति समाज के लिए जीता है, वही वास्तव में दूसरों के जीवन में बदलाव लाता है। इसके जीवंत उदाहरण हैं डॉ. अशोक श्रीवास्तव। टेन न्यूज़ नेटवर्क के Ten Talks के स्पेशल पॉडकास्ट में आज हम आपको डॉ. अशोक श्रीवास्तव की प्रेरणादायक जीवन यात्रा के बारे में बताने जा रहे हैं।
नवरत्न फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष, समाजसेवी, एंकर, उद्यमी और गायक डॉ. अशोक श्रीवास्तव ऐसी प्रेरणादायक शख्सियत हैं, जिन्होंने अपना जीवन समाज के कल्याण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया है। वर्षों से उनकी संस्था हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही है।

टेन न्यूज़ नेटवर्क के स्पेशल Ten Talks में नवरत्न फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने अपने जीवन के संघर्ष, करियर, समाज सेवा और संस्था की स्थापना से लेकर उसके विस्तार तक की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि बचपन से मिले संस्कार, जीवन की चुनौतियां और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना ने उन्हें सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ाया। उन्होंने नवरत्न फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, प्रतिभाओं को मंच देने और सामाजिक सहयोग के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
प्रारंभिक जीवन और शिक्षा
डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उनका जन्म प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में हुआ, लेकिन बचपन से ही उनका पालन-पोषण दिल्ली में हुआ। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा नगर निगम स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और आर.के. पुरम के सरकारी विद्यालयों से प्राप्त की। बाद में कश्मीरी गेट स्थित टेक्निकल हायर सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई पूरी कर बी.एससी. की शिक्षा हासिल की। उन्होंने कहा कि इंजीनियर बनने की इच्छा थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने नौकरी की और फिर व्यापार की दुनिया में कदम रखा।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने एक सेल्समैन के रूप में अपने करियर की शुरुआत की, जहां छह वर्षों तक काम करते हुए व्यापार और मार्केटिंग की बारीकियां सीखीं। वर्ष 1987 में उन्होंने अपनी कंपनी की स्थापना की और पावर सिस्टम्स (इनवर्टर) के क्षेत्र में व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने कहा कि जीवन के इस सफर में उनकी पत्नी का सहयोग सबसे बड़ी ताकत रहा, जिनके प्रोत्साहन और विश्वास ने उन्हें कठिन समय में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने बताया कि समाज सेवा की शुरुआत उनके छात्र जीवन से ही हो गई थी। स्कूल और कॉलेज के समय से ही वे सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वर्ष 2002 में उन्होंने नवरत्न फाउंडेशन की स्थापना की, जिसका उद्देश्य समाज के ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों और जरूरतमंद लोगों को आगे लाना था, जिन्हें अवसर नहीं मिल पाते। उन्होंने कहा कि संस्था ने समय के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने जैसे कई क्षेत्रों में कार्य का विस्तार किया।

पत्नी प्रीति का रहा विशेष योगदान
पत्नी प्रीति श्रीवास्तव के जीवन में योगदान के बारे में विस्तार से बताते हुए डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब मुझे नौकरी छोड़नी पड़ी। उस समय मेरी पत्नी प्रीति ने मेरा भरपूर साथ दिया। उन्होंने कहा, “आप नौकरी छोड़िए और जीवन में जो करना चाहते हैं, कीजिए। मैं अपने और आपके परिवार के लिए पर्याप्त हूं।” नौकरी छोड़ने के बाद केवल पत्नी ने पूरे परिवार को संभाला।
आगे अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि अगर पत्नी उनके जीवन में नहीं होतीं, तो आज वे जिस मुकाम पर हैं और जो समाज सेवा की यात्रा कर रहे हैं, वह संभव नहीं हो पाता।

नवरत्न फाउंडेशन के बारे में
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि नवरत्न फाउंडेशन के माध्यम से हर वर्ष हजारों जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर, शैक्षणिक सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। संस्था ने महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए, जिनसे हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां हजारों छात्र-छात्राएं डिजिटल शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। संस्था ने फिजियोथेरेपी सेंटर और शिक्षा से जुड़े कई अन्य सामाजिक प्रकल्प भी शुरू किए हैं।

प्रतिभाओं को निखारा और बड़े मंचों तक पहुंचाया
डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि नवरत्न फाउंडेशन ने संगीत, खेल, अभिनय, पर्वतारोहण और अन्य क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं को मंच देने का लगातार प्रयास किया है। कई ऐसे कलाकार और खिलाड़ी, जिन्हें शुरुआती अवसर संस्था के मंच से मिले, आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उनका कहना था कि प्रतिभा को केवल सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि नवरत्न फाउंडेशन के मंच से परंपरा ठाकुर और दिवाकर, जिनकी आवाज आज बड़े-बड़े फिल्मों और मंचों पर गूंजती है, उनकी प्रतिभा को निखारने में नवरत्न फाउंडेशन से ही उनकी शुरुआत हुई थी।

कोरोना के समय में
कोरोना महामारी के दौरान किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उस समय विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री और अन्य सहायता व्यवस्थित तरीके से पहुंचाई जा सके। इस पहल के जरिए कई संस्थाओं ने मिलकर जरूरतमंद लोगों तक भोजन, राशन, दवाइयां, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक संसाधन पहुंचाने में सहयोग किया।
नवरत्न फाउंडेशन के आने वाले प्रोजेक्ट
डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले समय में नवरत्न फाउंडेशन लड़कियों की फुटबॉल टीम को प्रशिक्षण और सहयोग देने के साथ-साथ जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों के लिए बड़े स्तर पर सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान भी चलाने की तैयारी कर रहा है। संस्था का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपने सामाजिक कार्यों को और अधिक व्यापक बनाना है।

अपने संदेश में डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि जीवन को कभी बोझ नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि हर संघर्ष व्यक्ति को नई दिशा और नया अवसर देता है डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने गुनगुनाते हुए सुनाया, “ऐसा ही रूप ख़यालों में था, जैसा मैंने सोचा था, हाँ तुम बिल्कुल वैसी हो, जैसा मैंने सोचा था…..”
उम्मीद करते हैं कि टेन न्यूज़ नेटवर्क के स्पेशल Ten Talks पर डॉ. अशोक श्रीवास्तव की प्रेरणादायक यात्रा आपको जरूर पसंद आई होगी। उनकी उपलब्धियों, संघर्ष और समाज सेवा की प्रेरणादायक यात्रा के बारे में आप अपनी राय हमारे कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।